Friday, September 20"खबर जो असर करे"

हिंदुजा समूह के चेयरमैन एसपी हिंदुजा का लंदन में निधन

नई दिल्ली। भारतीय मूल के दिग्गज कारोबारी हिंदुजा समूह के चेयरमैन श्रीचंद परमानंद हिंदुजा का बुधवार को लंदन में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। परिवार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है।

प्रवक्ता ने बताया कि हिंदुजा समूह के अध्यक्ष श्रीचंद परमानंद हिंदुजा ने लंदन में आखिरी सांस ली। वे बीते काफी समय से बीमार चल रहे थे। एसपी हिंदुजा चार हिंदुजा भाइयों में सबसे बड़े थे। इसी साल फरवरी माह में उनकी पत्नी मधु हिंदुजा का निधन हो गया था। बयान में कहा गया है कि गोपीचंद, प्रकाश, अशोक और पूरे हिंदुजा परिवार को आज हमारे परिवार के संरक्षक और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन एसपी हिंदुजा के निधन की सूचना देते भारी दुख: हो रहा है। वह परिवार के मेंटर थे। उन्होंने मेजबान देश यूके और अपने देश भारत के बीच मजबूत संबंध बनाने में अपने भाइयों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उल्लेखनीय है कि देश में ट्रक बनाने के कारोबार के अलावा हिंदुजा समूह केमिकल्स, बैंकिंग, पावर, मीडिया और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। समूह की कंपनियों में ऑटो कंपनी अशोक लीलैंड और इंडसइंड जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। समूह के पास 14 अरब डॉलर की संपत्ति है।