Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

आग लगने से आधा दर्जन किसानों को लाखों का हुआ नुकसान

मुरैना। अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण आधा दर्जन से अधिक किसान प्रभावित हो गये। अनाज व पशुचारा तथा घरेलू सामान राख में बदल गया। दोपहर बाद तक दमकलें आग बुझाने का प्रयास कर रहीं थीं। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत सिकरोदा के रामरतन सिंह का पुरा में आज दोपहर आगजनी की घटना हो गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच भाईयों तथा दो भतीजों सहित 7 ग्रामीणों का 6 से 7 लाख रूपये का नुकसान हो गया। किसान अतर सिंह गुर्जर ने बताया कि भतीजे सियाराम व हरेन्द्र के घर के पीछे सभी परिजनों के भूसे के कूपा तथा अनाज रखा हुआ है वहीं गोड़ा के  छप्पर में घरेलू सामान रखा हुआ था। आज दोपहर छप्पर में लगी आग से सबकुछ राख में बदल गया। अचानक लगी आग बहुत तेजी से छप्पर से होती हुई भूसे के कूपों व अनाज तक पहुंच गई। इसमें लगभग एक वर्ष का पशुओं का चारा तथा 50 कुंतल सें अधिक गेहूं रखा था। आग ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की सूचना मिलते ही नगर निगम मुरैना की तीनों दमकल एक साथ रामरतन सिंह का पुरा पर पहुंची। दोपहर तक आग बुझाने का प्रयास लगातार किया जा रहा था।