Friday, September 20"खबर जो असर करे"

विदेश मंत्री एस. जयशंकर चार दिवसीय यात्रा पर तंजानिया पहुंचे

जंजीबार (Zanzibar)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर (Foreign Minister S. Jaishankar) बुधवार को चार दिवसीय यात्रा पर तंजानिया (Tanzania four-day visit) के जंजीबार पहुंचे। विदेश मंत्री इस दौरान वहां के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और तंजानिया गए भारतीय नौसेना जहाज त्रिशूल पर आयोजित स्वागत समारोह में भी भाग लेंगे।

विदेश मंत्री ने तंजानिया पहुंचने के बाद ट्वीट कर कहा कि जंजीबार में आगमन, गर्मजोशी से स्वागत के लिए पर्यटन मंत्री सिमाई सईद को धन्यवाद। उन्होंने कहा कि तंजानिया में अपने कार्यक्रम को लेकर उत्सुक हूं, जिससे हमारी ऐतिहासिक साझेदारी और गहरी होगी।

विदेश मंत्री 5 और 6 जुलाई को जंजीबार की यात्रा करेंगे, जहां वह भारत सरकार की मदद व कर्ज से बन रही जल आपूर्ति परियोजना की समीक्षा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह तंजानिया यात्रा पर गए भारतीय नौसेना के जहाज त्रिशूल पर आयोजित एक स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे। इसके बाद विदेश मंत्री 7 और 8 जुलाई तक तंजानिया के दार-ए-सलाम शहर की यात्रा करेंगे, जहां वह अपने समकक्ष के साथ भारत-तंजानिया संयुक्त आयोग की 10वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे और कई कैबिनेट मंत्रियों समेत देश के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।

यात्रा के दौरान, वह भारत के संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मिलेंगे और भारत-तंजानिया व्यापार बैठक की शुरुआत करेंगे। वह दार-ए-सलाम में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का भी उद्घाटन करेंगे।

भारत और तंजानिया के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्ठ व मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। जयशंकर की तंजानिया यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी।