Friday, September 20"खबर जो असर करे"

एफआईएच विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम

नई दिल्ली (New Delhi)। झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 (Jharkhand Women Asian Champions Trophy 2023) का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women’s hockey team) एफआईच विश्व रैंकिंग (FIH World Ranking) में अब 2368.83 अंकों के साथ छठें स्थान पर आ गई है।

हाल के दिनों में, टीम 8वें स्थान पर थी, लेकिन 19वें एशियाई खेलों हांग्जो 2022 में कांस्य पदक और झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की जीत ने भारतीय महिला हॉकी टीम को अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ स्थान पर वापस ला दिया है, जहां जून 2022 में एफआईच प्रो लीग के दौरान भारतीय टीम थी।

नीदरलैंड 3422.40 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है, उसके बाद ऑस्ट्रेलिया 2817.73 अंकों के साथ दूसरे और अर्जेंटीना 2766.90 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत से ऊपर रैंकिंग वाली अन्य दो टीमें बेल्जियम 2608.77 अंकों के साथ चौथे और जर्मनी 2573.72 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

विश्व रैंकिंग में उछाल टीम के लिए आगामी एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर की तैयारियों के लिए एक बड़ा मौका है, जो 13 जनवरी से 19 जनवरी 2024 तक रांची, भारत में आयोजित होने वाला है। भारतीय महिला हॉकी टीम पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के लिए जर्मनी, न्यूजीलैंड, जापान, चिली, संयुक्त राज्य अमेरिका, इटली और चेक गणराज्य से भिड़ेगी।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की ने भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा, “मैं इस रैंकिंग को हासिल करने के लिए टीम को बधाई देना चाहता हूं, यह उनके अब तक के करियर में की गई कड़ी मेहनत और बलिदान का प्रमाण है। लक्ष्य समय के साथ शीर्ष तीन में जगह बनाना है और यह एक अच्छे संकेतक के रूप में कार्य करता है कि टीम आगे बढ़ रही है। पीटर हैबरल के भी मानसिक कंडीशनिंग कोच के रूप में सेटअप में शामिल होने से मुझे विश्वास है कि टीम निकट भविष्य में और मजबूत होगी और खुद को आगे बढ़ाएगी।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “भारतीय महिला हॉकी टीम ने दुनिया की छठी सर्वश्रेष्ठ टीम बनने के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, वे सभी प्रशंसा की पात्र हैं। और एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर भी आने वाले हैं, यह दुनिया को यह दिखाने का एक शानदार अवसर है कि भारत एक ताकत है।”