Friday, September 20"खबर जो असर करे"

राष्ट्रमंडल खेल: भारतीय हॉकी टीम को रजत से करना पड़ा संतोष, ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा स्वर्ण का सपना

बर्मिंघम। ऑस्ट्रेलियाई हॉकी टीम (Australian Hockey Team) ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 (Commonwealth Games 2022) में भारत (India) के स्वर्ण के सपने को तोड़ते हुए सोमवार को फाइनल में मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम को 7-0 से हराया। भारतीय हॉकी टीम (Indian hockey team) को इस हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के लिए ब्लेक गोवर्स (9′), नाथन एफ्राम्स (14′, 42′), जैकब एंडरसन (22′, 27′), टॉम विकम (26′) और फ्लिन ओगिल्वी (46′) ने गोल किए।

ग्रुप चरण में कुछ बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत फाइनल में पहुंचा, उसने घाना को 11-0 से हराया, इंग्लैंड के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेला, कनाडा को 8-0 से और वेल्स को 4-1 से हराया और उसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 3-2 से जीत दर्ज की।

खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने तेज शुरूआत की और 9वें मिनट में खेल का तीसरा पीसी अर्जित करते हुए 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इस बार ब्लेक गोवर्स ने श्रीजेश को हराकर गोल किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 14वें मिनट में नाथन एफ़्राम्स के फील्ड गोल की बदौलत अपनी बढ़त दो गुनी कर दी।

ऑस्ट्रेलियाई यहीं नहीं रूके, इसके बाद जैकब एंडरसन (22 ‘, 27’) और टॉम विकम (26 ‘) ने गोल कर दूसरे ही क्वार्टर में अपनी टीम को 5-0 से आगे कर दिया। यहां से भारतीय खिलाड़ियों ने वापसी की उम्मीद भी छोड़ दी।

मध्यांतर तक भारतीय टीम 5-0 से पीछे रही। मध्यांतर के बाद नाथन एफ्राम्स ने 42वें और फ्लिन ओगिल्वी ने 46वें मिनट में गोल कर 7-0 की बढ़त हासिल कर ली और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने 7-0 से यह मैच जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि भारत को रजत से संतोष करना पड़ा। (एजेंसी, हि.स.)