Friday, September 20"खबर जो असर करे"

चीन की विकास दर 2022 में घटकर तीन फीसदी पर

बीजिंग। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन की आर्थिक वृद्धि दर साल 2022 में घटकर तीन फीसदी पर आ गई है। पिछले साल कोरोना महामारी से निपटने के लिए लगाई गईं पाबंदियों, रियल एस्टेट क्षेत्र में मंदी के कारण चीन के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में यह गिरावट आई है। चीन की अर्थव्यवस्था में वृद्धि की यह रफ्तार पिछले 50 साल में दूसरी सबसे धीमी है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। आंकड़ों के मुताबिक चीन की आर्थिक वृद्धि दर 2022 में घटकर तीन फीसदी रही है। आंकड़ों के मुताबिक 2022 में चीन का जीडीपी 1,21,020 अरब युआन यानी 17,940 अरब डॉलर रहा है। इससे पहले 1974 में चीन की जीडीपी वृद्धि दर 2.3 फीसदी रही थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चीन की जीडीपी वृद्धि दर 5.5 फीसदी के लक्ष्य से बहुत नीचे रही है।

दरअसल इस वर्ष डॉलर मूल्य में चीन की जीडीपी वृद्धि दर 2021 के 18,000 अरब डॉलर से घटकर 17,940 अरब डॉलर पर आ गई है। चीन की मुद्रा (आरएमबी) की तुलना में डॉलर में मजबूती की वजह से ऐसा हुआ है। आरएमबी में चीन की अर्थव्यवस्था 2022 में 1,21,020 अरब युआन रही, जो 2021 में 1,14,370 अरब युआन थी।

उल्लेखनीय है कि रॅन्मिन्बी चीनी जनवादी गणराज्य (पीआरसी) की आधिकारिक मुद्रा है। ये मुख्य रूप से चीन की विधिमान्य मुद्रा है, लेकिन हांगकांग और मकाओ में नहीं। इसका संक्षिप्त रूप आरएमबी है, जबकि युआन रॅन्मिन्बी की इकाई है। (एजेंसी, हि.स.)