Friday, September 20"खबर जो असर करे"

भाजपा के चार चेहरे हैं बनावटी, दिखावटी, मिलावटी और सजावटी: कमलनाथ

भोपाल! मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज भोपाल में कांग्रेस पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश भर में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्राओं का कार्यक्रम जारी करते हुए आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि यह यात्राएं 19 सितंबर से शुरू हो रही हैं और 7 रूटों पर करीब 12000 किलोमीटर का सफर पूरा करेंगी।
श्री कमलनाथ ने कहा कि मीडिया का डिपार्टमेंट मैंने शिवराज सिंह चौहान के ऊपर छोड़ा हुआ है। मैं क़ाम करने की राजनीति में विश्वास रखता हूं। उन्होंने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला जी बड़ी मेहनत से लगे हुए हैं। यह चुनाव का पूरा समय यहां पर देंगे, इससे मुझे बड़ी राहत मिलेगी।
आज मध्य प्रदेश की तस्वीर आपके सामने हैं, मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी चुनौती है बेरोजगार नौजवान, यही नौजवान भविष्य में मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे, अगर इनका भविष्य खराब होगा तो कैसे मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे। कई नौजवान इंटरव्यू में फेल हो जाते हैं क्योंकि उन्हें इंटरव्यू देने की ट्रेनिंग नहीं है। इंटरव्यू देने की भी एक स्किल होती है, इंटरव्यू देने के लिए ट्रेनिंग होती है। हमें इस तरह की सोच की आवश्यकता है।
श्री कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश एक ग्रामीण प्रदेश है, हमारे प्रदेश की 70 प्रतिशत अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है। हमारे प्रदेश की इकोनॉमी आर्थिक गतिविधि से चलती है। कांग्रेस ने इस बात को सबसे पहले पहचाना था, 1947 से लेकर 1969 तक कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिन्ह दो बैलों की जोड़ी था और 1969 से 1977 तक कांग्रेस पार्टी का चुनाव गाय बछड़ा रहा। उसके बाद हमने हाथ का पंजा अपना चुनाव चिन्ह बनाया। दो बैलों की जोड़ी मतलब खेती-किसानी और गाय-बछड़ा मतलब गौमाता, यानि हमारी ग्रामीण भारत की संस्कृति। आज का हमारा जो चुनाव चिन्ह है हाथ का पंजा, यह राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है।
श्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा को अपने 18 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर वोट मांगने पर शर्म क्यों आ रही है? 18 साल के इतिहास में भाजपा की पोल खुल चुकी है। 18 साल के मुख्यमंत्री के नाम पर तो आपको वोट मांगने चाहिए लेकिन आप शरमा रहे हैं। बाहर से नेता लाने की आवश्यकता भाजपा को क्यों पड़ रही है?
श्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के चार नए चेहरे हैं बनावटी, दिखावटी, मिलावटी और सजावटी भाजपा, यह इनके असली चेहरे हैं। मेरा और कांग्रेस पार्टी दोनों का मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा विश्वास है। यह चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का है। मध्य प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। शिवराज सरकार में मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार का एक सिस्टम बन गया है।
श्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा जो गुमराह करने की ध्यान मोड़ने, दबाने, डराने और छुपाने की राजनीति करती है, उससे जनता को सावधान करें और सही मुद्दों की तरफ जनता का ध्यान आकर्षित करें यही कांग्रेस की 19 सितम्बर से शुरू होने वाली जन आक्रोश यात्रा का उद्देश्य है।
मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार में राशन में घोटाला, खाद बीज में घोटाला भर्ती में घोटाला जहां देखो वहां घोटाला। इसलिए मुझे मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा विश्वास है कि वे इस बार के चुनाव में मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।