Friday, September 20"खबर जो असर करे"

महाकाल लोक की तर्ज पर सलकनपुर में बनेगा भव्य देवी लोक, मुख्यमंत्री आज रखेंगे आधारशिला

– देवी लोक के निर्माण के लिए 200 करोड़ से अधिक की कार्ययोजना

भोपाल (Bhopal)। सलकनपुर (Salkanpur) स्थित विजयासन देवी धाम (Vijayasan Devi Dham) देशभर में आस्था के एक बड़े केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) की मंशा के अनुरूप महाकाल लोक की तर्ज (lines of mahakal lok) पर सलकनपुर में देवी लोक (Devi Lok) का निर्माण कराया जा रहा है। सलकनपुर में 29 मई से प्रारंभ हुए देवी लोक महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 31 मई को आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज चौहान शामिल होंगे और देवी लोक की आधारशिला रखेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश बैन ने मंगलवार को बताया कि देवी लोक महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। देवी लोक में देवी के नौ रूपों तथा 64 योगिनी को शास्त्रों में वर्णित कथाओं के साथ आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। भव्य देवी लोक के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक निर्माण एवं विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। देवी लोक के निर्माण के पश्चात धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही इस क्षेत्र में पर्यटन पर आधारित आर्थिक गतिविधियों का भी विस्तार होगा।

उन्होंने बताया कि यह धार्मिक अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पर्यटक सुविधाओं के साथ-साथ देवी विंध्यवासिनी के विभिन्न स्वरूपों का चित्रण पृथक-पृथक अधोसंरचनाएं निर्मित कर किया जाएगा। समस्त कार्यों को हेरिटेज एवं धार्मिक स्वरूप के दृष्टिकोण से पत्थरों से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। चौसठ योगिनी प्लाजा देवी लोक में 64 योगिनी प्लाजा वृत्ताकार निर्मित किया जाएगा। जिसमें 64 योगिनियों के विभिन्न आयामों को म्यूरल के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

देवी के विभिन्न स्वरूपों को प्रदर्शित करने की इस कल्पना को मध्यप्रदेश के भेड़ाघाट तथा उड़ीसा के हीरापुर से लिया गया है। नवदुर्गा कॉरिडोर मंदिर पहुंचने के पहले माता विजयासन देवी के नौ स्वरूपों को पृथक-पृथक म्यूरल के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। देवी के नौ स्वरूपों को कहानी तथा श्लोक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। देवी लोक की अन्य विशेषताएं मंदिर के मुख्य द्वार के पास सप्त मातृका को मूर्ति तथा म्यूरल आर्ट के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। वेटिंग हॉल के टेरेस पर महाविद्या थीम पर मां काली, तारा, छिन्नमस्ता, सुंदरी, बगुला मातंगी, भुनेश्वरी, सिद्ध विद्या, भैरवी एवं धूमावती की झांकियां मूर्ति एवं म्यूरल आर्ट के रूप में प्रदर्शित की जाएंगी।

माता विजयासन मंदिर के मुख्य द्वार को लाल पत्थरों से सौंदर्यीकरण कर मां दुर्गा के विभिन्न श्लोक म्यूरल एवं संकेतों से सुसज्जित किया जाएगा। प्रवेश द्वार के समीप फाउंटेन ऑफ लाइट बनाया जाएगा। सुंदर पार्क तथा पर्यटक के विश्राम के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं रहेंगी। श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सीढ़ी मार्ग के प्रारंभ में प्रवेश द्वार एवं सरोवर के मध्य एक भक्ति मार्ग के रूप में एक स्थान निर्मित किया जा रहा है।