Friday, September 20"खबर जो असर करे"

हरियाणा: भैयाजी जोशी ने समालखा में किया ऐतिहासिक प्रदर्शनी का शुभारम्भ

पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा के पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन दिवसीय बैठक रविवार से शुरू हो रही है। बैठक परिसर में शनिवार को संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी उपाख्य भैयाजी जोशी ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

भैयाजी जोशी ने कहा कि यह प्रदर्शनी ऐतिहासिक दस्तावेज समेटे हुए है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरक है। ऐसी प्रदर्शनियां हमारी आने वाली युवा पीढ़ी को अपने ऐतिहासिक, धार्मिक स्थलों एवं इतिहास के बारे में जानकारी देकर जीवन निर्माण में सहायक सिद्ध होती हैं। इस दौरान संघ के उत्तर क्षेत्र संघचालक सीताराम व्यास, हरियाणा प्रांत संघचालक पवन जिंदल भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में हरियाणा के इतिहास का वर्णन कर रहे शिलालेखों के बारे में दर्शाया गया है। इसमें अशोक, शुंगकालीन से लेकर प्रथम विश्वयुद्ध तक के शिलालेख हैं। वहीं नाथ सम्प्रदाय, दादू पंथी सहित अन्य सम्प्रदायों के भी शिलालेख हैं। प्राचीन धर्मशालाओं, शिक्षा संस्थानों, चिकित्सालयों, मंदिरों, तालाबों, कुओं के बारे में ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के योगदान एवं हरियाणा के स्वतंत्रता सेनानियों, सरस्वती शोध संस्थान द्वारा सरस्वती नदी के विकास की यात्रा, हरियाणा की संस्कृति, खान-पान, वेशभूषा, तीज-त्यौहार, उत्सव, हरियाणा के धार्मिक, ऐतिहासिक, पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक गुरुद्वारे एवं हरियाणा की भौगोलिक जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। हरियाणा के विख्यात व्यक्तित्व, उद्योगपति, कलाकार, खिलाड़ी, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे सेवा एवं समाज कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी में स्वावलंबी भारत अभियान के साथ देश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी बखूबी प्रदर्शित किया गया है। हरियाणा में आपदा के दौरान संघ के स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों को भी दिखाया गया है। हरियाणा में संघ कार्य को खड़ा करने में अपना जीवन लगाने वाले संघ के वरिष्ठ प्रचारकों की जीवनी के साथ-साथ प्रदर्शनी में चार डिजिटल प्रदर्शनी भी हैं। (हि.स.)