Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्रः राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा, बलवीर सिंह को लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवार्ड

– खिलाड़ियों को मिलेगी दोगुनी पुरस्कार राशि

भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के वर्ष 2021 के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा (State level sports awards for the year 2021 announced) कर दी गई है। राज्य शासन द्वारा शनिवार देर शाम पुरस्कारों की घोषणा करते हुए पुरस्कृत होने वाली खेल हस्तियों की सूची जारी की गई। इनमें ग्वालियर के बलवीर सिंह कुशवाहा (Balveer Singh Kushwaha) को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड (Lifetime Achievement Award) प्रदान किया जाएगा, जबकि उज्जैन के मुजाहिद बेग को स्व. प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने बताया कि प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विशिष्ट योगदान के लिए खेल हस्तियों को क्रमशः विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र, स्वर्गीय प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार एवं लाइफ़टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिए जाते हैं। खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की पहल पर वर्ष 2021 के लिए राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों के लिए चयनित खिलाड़ियों को दोगुनी पुरस्कार राशि दी जाएगी। एकलव्य पुरस्कार के लिए चयनित खिलाड़ियों को एक लाख रुपये, विक्रम, विश्वामित्र, स्व. प्रभाष जोशी और लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए प्रत्येक को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। पूर्व में एकलव्य पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों को 50 हज़ार रुपये और अन्य सभी पुरस्कारों के लिए एक लाख रुपये (प्रत्येक) दिए जाते थे।

एकलव्य पुरस्कारः- राज्य स्तरीय एकलव्य पुरस्कार में वर्ष 2021 के लिए 9 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इसमें भोपाल की सॉफ़्ट टेनिस खिलाड़ी अंशिका कनौजिया, इंदौर की कयाकिंग केनोइंग खिलाड़ी शिखा चौहान, देवास की कुश्ती खिलाड़ी पूजा, अशोक नगर की वूशू खिलाड़ी श्रुति सरवैया, होशंगाबाद के शूटिंग खिलाड़ी अर्जुन ठाकुर, इंदौर की तैराक कन्या नैय्यार, विदिशा के एथलीट इकराम अली ख़ान, देवास के रोइंग खिलाड़ी गोपाल ठाकुर और भोपाल की शूटिंग बॉल खिलाड़ी सिद्धि छतवानी शामिल है।

विक्रम पुरस्कारः- वर्ष 2021 के विक्रम पुरस्कार के लिए व्यक्तिगत खेलों में होशंगाबाद की सॉफ़्ट टेनिस खिलाड़ी आध्या तिवारी, इंदौर की तैराक एनी जैन, धार की कयाकिंग-केनोइंग खिलाड़ी आरती नाथ, भोपाल की शूटिंग खिलाड़ी मनीषा कीर, इंदौर की घुड़सवार सुदीप्ति हजेला, इंदौर के योगा खिलाड़ी रोहित वाजपेयी और इंदौर की बेडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांशी परदेशी का चयन किया गया है।

विक्रम पुरस्कार की दलीय खेलों की श्रेणी में जबलपुर के खो-खो खिलाड़ी नैन्सी जैन, इंदौर की कबड्डी खिलाड़ी कंचन ज्योति दीक्षित और देवास की सॉफ़्ट बॉल खिलाड़ी रागनी चौहान का चयन किया गया है। दिव्यांग श्रेणी में भोपाल की जूडो खिलाड़ी पूनम शर्मा (ब्लाइंड) को वर्ष 2021 के विक्रम पुरस्कार के लिए चुना गया है।

वर्ष 2021 के साहसिक खेलों की श्रेणी में विक्रम पुरस्कार के लिए वर्ष 2016 में सफलतापूर्वक माउंट एवरेस्ट पर आरोहण करने वाले दो उत्कृष्ट पर्वतारोही भगवान सिंह कुशवाहा और रत्नेश पाण्डेय के नामों की घोषणा की गयी है।

विश्वामित्र पुरस्कारः- खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार विश्वामित्र पुरस्कार देती है। वर्ष 2021 के लिए ग्वालियर के कराते प्रशिक्षक पारितोष शर्मा, भोपाल के कुश्ती प्रशिक्षक विनय प्रजापति और उज्जैन के मलखंभ प्रशिक्षक मोहनलाल बमबोरिया को विश्वामित्र पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

स्व. प्रभाष जोशी खेल पुरस्कारः- पारंपरिक खेल मलखंभ में उत्कृष्टता के लिए दिये जाने वाले प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार वर्ष 2021 के लिए उज्जैन के मुजाहिद बेग का चयन किया गया है।

लाइफ़टाइम अचीवमेंट पुरस्कारः- वर्ष 2021 के राज्य स्तरीय लाइफ़टाइम अचीवमेंट पुरस्कार की श्रेणी में ग्वालियर के बलबीर सिंह कुशवाहा का चयन किया गया है। कुशवाह ने प्रदेश में टेबल टेनिस, कयाकिंग केनोइंग, ड्रेगन बोट आदि खेलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। (एजेंसी, हि.स.)