Friday, September 20"खबर जो असर करे"

T20 World Cup : इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 20 रन से हराया

ब्रिसबेन। आईसीसी टी-20 विश्व कप 2022 (ICC T20 World Cup 2022) के 33वें मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम (england cricket team) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को 20 रनों से हराकर खुद को सेमीफाइनल की रेस में जीवित रखा है। पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने जोस बटलर (joss butler) (73) और एलेक्स हेल्स (Alex Hales) (52) के अर्धशतकों की मदद से 179/6 का स्कोर बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड ग्लेन फिलिप्स (62) के अर्धशतक के बावजूद 159/6 का स्कोर ही बना सकी।

बटलर और हेल्स ने पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। वहीं लियाम लिविंगस्टोन ने 20 रनों की पारी खेली और इंग्लैंड ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड ने 28 के स्कोर तक अपने दोनों विकेट खो दिए। वहीं कप्तान विलियमसन और ग्लेन फिलिप्स ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी करके पारी को संभाला। फिलिप्स ने संघर्ष किया लेकिन जीत नहीं दिला सके।

बटलर ने शुरुआती 10 ओवरों में धीमे अंदाज में बल्लेबाजी की और एलेक्स हेल्स को ज्यादा स्ट्राइक देने का प्रयास किया। क्रीज पर टिक जाने के बाद बटलर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 18वां अर्धशतक 35 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में कुल चौथा अर्धशतक है। उन्होंने 47 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 73 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

बटलर के अब 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 33.80 की औसत से 2,468 रन हो गए हैं। ये रन उन्होंने 143.90 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने मोर्गन (2,458) को पीछे छोड़ दिया है। दिलचस्प रूप में सिर्फ मोर्गन और बटलर ही दो ऐसे इंग्लिश बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,000 से ज्यादा रन बनाए हैं।

एलेक्स हेल्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और कीवी गेंदबाजों को जमने का मौका नहीं दिया। उन्होंने पॉवरप्ले का भरपूर फायदा उठाया और विपक्षी टीम के मुख्य तेज गेंदबाज टिम साउथी पर जमकर प्रहार किए। रंग में नजर आ रहे हेल्स ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक 39 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने 40 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए।