
साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी इन दिनों अपने हिंदी डेब्यू को लेकर खूब चर्चा में हैं। वह निर्देशक नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि रणबीर कपूर इस पौराणिक गाथा में भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे हैं। कुछ महीने पहले सेट से रणबीर और साई पल्लवी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिनमें दोनों का पौराणिक अवतार देखने को मिला था। अब एक बार फिर साई पल्लवी की कुछ नई तस्वीरें लीक हुई हैं, जिनमें उनका लुक पहले से थोड़ा अलग और अधिक शालीन नजर आ रहा है।
हाल ही में सनी देओल ने भी ‘रामायण’ में अपनी भूमिका की पुष्टि की थी। वह फिल्म में हनुमान की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अभी तक शूटिंग शुरू नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सबसे बड़ी फिल्मों में से एक होगी। फिल्म ‘रामायण’ दो भागों में बनाई जाएगी। इसका पहला भाग 2026 में और दूसरा भाग 2027 में रिलीज होगा। फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। चर्चा है कि टीवी अभिनेता रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे।