Tuesday, March 10खबर जो असर करे |
Shadow

आसमान छू रहे सोने-चांदी के दाम, फिर भी जमकर खरीद रहे लोग… आयात में भी भारी उछाल

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार (Global market) में सोने की कीमतों (Gold Prices) में बढ़ोतरी के बीच भारत (India) के सोने का आयात में अक्तूबर 2025 में जोरदार उछाल देखने को मिला। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश के सोने के आयात में 200 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 में भारत ने 14.72 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात (Gold Import) किया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह आंकड़ा 4.92 अरब डॉलर था। बढ़ते सोने और चांदी के आयात (Import Gold and Silver) ने देश के कुल आयात मूल्य को भी बढ़ा दिया। बता दें सोना 17 अक्टूबर को 130874 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था। जबकि, चांदी के भाव 14 अक्टूबर को ऑल टाइम हाई 178100 रुपये प्रति किलो थे।


सोमवार को वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़े बताते हैं कि भारत का वस्तु निर्यात अक्तूबर में 11.8 प्रतिशत घटकर 34.38 अरब डॉलर रहा है, जो बीते वर्ष की समान अवधि में 38.98 अरब डॉलर का रहा था। जबकि, आयात में 16.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है, जो बीते वर्ष की समान अवधि की तुलना में 65.21 अरब डॉलर से बढ़कर 76.06 अरब डॉलर का रहा है।


इस तरह से व्यापार घाटा 41.68 अरब डॉलर का रहा है। कुल निर्यात (वस्तु एवं सेवा) की बात करें तो 72.89 अरब डॉलर का रहा है, जो बीते वर्ष की समान अवधि में 73.39 अरब डॉलर रहा था।


कई क्षेत्र में निर्यात में बढ़ोतरी हुई है। इलेक्ट्रॉनिक सामान, मांस, डेयरी- पोल्ट्री उत्पाद, समुद्री उत्पाद, काजू और कॉफी शामिल हैं। इलेक्ट्रॉनिक सामान का निर्यात बीते वर्ष की समान अवधि के 3.43 अरब अमेरिकी डॉलर से 19.05 फीसदी बढ़कर अक्टूबर में 4.08 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है।


मांस, डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों के निर्यात में 3.0 फीसदी की वृद्धि हुई। उधर, अप्रैल-अक्टूबर 2025 के दौरान वस्तुएं और सेवाएं निर्यात 491.80 अरब अमेरिकी डॉलर का रहा है, जबकि अप्रैल-अक्तूबर 2024 में 469.11 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था।


कुछ ‘प्लैटिनम’ आभूषणों के आयात पर प्रतिबंध
सरकार ने कुछ प्रकार के ‘प्लैटिनम’ आभूषणों के आयात पर अगले साल अप्रैल तक प्रतिबंध लगाने की सोमवार को घोषणा की। सरकार ने सितंबर में कुछ चांदी के आभूषणों के आयात पर अगले साल 31 मार्च तक प्रतिबंध लगा दिया था। इस कदम का उद्देश्य थाईलैंड से बिना जड़ाऊ आभूषणों के नाम पर चांदी के आयात पर अंकुश लगाना था। भारत का आसियान के साथ एक मुक्त व्यापार समझौता है। थाईलैंड इस 10 राष्ट्र समूह का सदस्य है। आयातकों को अब इन वस्तुओं के आयात के लिए डीजीएफटी से लाइसेंस लेना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *