Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

एग्जिट पोलः मप्र में भाजपा को 28 और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान

भोपाल (Bhopal)। लोकसभा चुनाव 2024 (lok sabha election 2024) के आखिरी चरण का मतदान (Last phase of voting) खत्म होने के साथ अब अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल (Exit poll.) सामने आ गए हैं। इनमें मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में पिछले लोकसभा चुनाव के परिणाम दोहराते हुए नजर आ रहे हैं। छिंदवाड़ा सीट (Chhindwara seat) पर कांग्रेस को झटका लग सकता है। वहीं राजगढ़ सीट पर दिग्विजय सिंह की हार हो सकती है। एग्जिट ‘पोल ऑफ पोल्स’ में भाजपा को 28 सीटें और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है।

गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 28 पर भाजपा ने परचम फहराया था, जबकि कांग्रेस के एकमात्र छिंदवाड़ा सीट पर जीत मिली थी। शनिवार को शाम छह बजे के बाद विभिन्न एजेंसियों द्वारा एग्जिट पोल आने शुरू हो गए। इंडिया न्यूज डी-डायनामिक के एग्जिट पोल मुताबिक प्रदेश में भाजपा को 28 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को एक सीट मिलती दिख रही है।

इसी तरह जन की बात के एग्जिट पोल में भाजपा को 28-29 सीटें और कांग्रेस को 1-0 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, इंडिया टीवी-सीएनएक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक भी मध्यप्रदेश में भाजपा को 28-29 सीटें और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलने का अनुमान है। इसी तरह का एग्जिट पोल इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया का है। इन तीनों एजेंसियों के मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा क्लीन स्वीप भी कर सकती है।

वहीं, न्यूज 18-आईपीएसओएस के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 26 से 29 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलती नजर आ रही है। एबीपी- सी-वोटर्स के एग्जिट पोल के मुताबिक भी भाजपा को 26 से 29 सीटें मिल सकती है। वहीं कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि जी न्यूज के एग्जिट पोल में मध्यप्रदेश में भाजपा क्लीन स्वीप कर रही है। कांग्रेस का खाता भी खुलता नहीं दिखा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो कहा था, वो करके दिखा रहे हैं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा अभियान चला था, फिर एक बार मोदी सरकार, आज लोकसभा चुनाव के जो रुझान आ रहे हैं, वो अपने आप में अत्यंत आनंददायी है। यद्यपि एक बार चुनाव परिणाम आने के बाद जो आनंद आता है, उसकी अलग बात रहती है। अभी रुझान आया है, चार तारीख को रिजल्ट भी आएगा।

उन्होंने कहा कि रुझान में मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटें आ रही हैं। साथ ही देशभर में एनडीए की सीतें 370 से ऊपर जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो कहा था, वो करके दिखा रहे हैं। मैं देशवासियों-प्रदेशवासियों का आभार मानता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश फिर आगे बढ़ेगा। मेरी अपनी ओर से बधाई।

एग्जिट पोल से भी बेहतर आएंगे भाजपा के एक्जेक्ट पोलः विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने लोकसभा चुनाव के आज आए एग्जिट पोल कहा कि 4 जून के चुनाव परिणाम की झलक आज के एग्जिट पोल में दिख रही है। भाजपा के एक्जेक्ट पोल (Exact Poll) एग्जिट पोल से भी बेहतर आएंगे। भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के परिश्रम और डबल इंजन की भाजपा सरकार के कार्यों के आधार पर हमें पूरा भरोसा है कि भाजपा प्रदेश की 29 सीटों पर प्रचंड विजय हासिल करेंगे।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सहित देशभर की जनता ने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट किया है। भाजपा इस चुनाव में 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लक्ष्य को भी पूरा करने जा रही है। देश की 140 करोड़ जनता, विकसित भारत के संकल्प के साथ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के कार्य किए हैं, जिसका सुखद परिणाम 4 जून को आने वाला है। 4 जून के बाद जनता कहेगी – एक थी कांग्रेस। इस बार छिंदवाड़ा से नकुल और कमलनाथ की विदाई तय। आज आए रूझानों में ’फिर एक बार मोदी सरकार’ का नारा साकार हो रहा है और भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत प्राप्त होने जा रहा है।