Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

प्रधानमंत्री मोदी 29 फरवरी को मध्यप्रदेश को देंगे कई सौगातें

– विकसित भारत की तर्ज पर विकसित मप्र के लिए होगा विशेष कार्यक्रम

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) आगामी 29 फरवरी को विकसित भारत (lines of developed India) की तर्ज पर विकसित मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh developed) के विशेष कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे। कार्यक्रम का करीब पांच सौ स्थानों पर सजीव प्रसारण भी होगा। व्यापक जन भागीदारी के इस कार्यक्रम में लोक कल्याण से जुड़े अनेक निर्माण कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा। जन हितैषी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में नागरिकों की भागीदारी उल्लास और उमंग के वातावरण में होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार देर शाम अपने निवास कार्यालय समत्व भवन में हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में आगामी 29 फरवरी को होने जा रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वीडियो कॉफ्रेंस में मंत्रिगण ने भी कार्यक्रम से संबंधित सुझाव दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्पूर्ण कार्यक्रम अनुशासन, गरिमा और शालीनता का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विकास के ठोस कदम उठाए हैं। मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए अधिक से अधिक योगदान देगा। मध्यप्रदेश में सायबर तहसीलों का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गत एक माह में राजस्व महाअभियान में एक लाख 90 हजार प्रकरणों का निपटारा किया गया है। इसी तरह आम लोगों की विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है। विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से प्रदेश के नागरिक बड़ी संख्या में लाभान्वित होंगे। प्रशासनिक अमले को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम की रूपरेखा
प्रधानमंत्री मोदी वीडियो लिंक से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संबोधित करेंगे। पहली बार अपनी तरह का ऐसा अभिनव कार्यक्रम हो रहा है, जिसमें आम जनता के कल्याण से जुड़े कार्यों की सौगातें मिल रही है। कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड भोपाल में होगा, जिसमें अनेक निर्माण कार्यों के वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास के साथ ही सायबर तहसीलों का लोकार्पण भी होगा।

कार्यक्रम के लिए जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। समस्त जिला मुख्यालयों, नगरीय निकायों के मुख्यालय और जिन स्थानों पर लोकार्पण एवं शिलान्यास होने हैं, उन कार्य स्थल पर सजीव प्रसारण किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के कम से कम एक वृहद स्थल पर कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था रहेगी। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर व्यापक जन भागीदारी के लिए आवश्यक तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं।

बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा एवं अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।