Friday, September 20"खबर जो असर करे"

Women’s cricket: भारत ने पहले T-20 में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया

मुंबई (Mumbai)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian women’s cricket team) ने ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम (Australia women’s cricket team) के खिलाफ खेले गए 3 मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच (First match of 3 match T-20 series) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत हासिल की। इसके साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 19.2 ओवर में 141 रन बनाए थे। भारत ने 1 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। शफाली वर्मा ने (64*) और स्मृति मंधाना ने (54) रन बनाए।

मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और 33 रन तक 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। फोएबे लिचफील्ड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा स्कोर (49) रन बनाया। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। एलिस पेरी के बल्ले से 30 गेंद में 37 रन निकले। भारत के लिए तितास साधु ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 2-2 विकेट मिले। जवाब में भारतीय टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

भारत के लिए मैच में साधु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन खर्च करते हुए ये सफलाएं हासिल की। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4.20 की रही। साधु ने टी-20 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ किसी भी भारतीय महिला गेंदबाज द्वारा दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

मंधाना ने अपनी 54 रन की पारी के दौरान बड़ा रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 3,000 रन पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले यह कारनामा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया था। मंधाना ने 122वीं पारी में ये रन पूरे किए हैं। हरमनप्रीत ने ये रिकॉर्ड बनाने के लिए 135 पारियां ली थी। मंधाना के करियर का यह 23वां अर्धशतक है। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया।

भारतीय टीम की सलामी बल्लेबाज शफाली ने मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 8वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने सिर्फ 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। शफाली ने पहले विकेट के लिए मंधाना के साथ 137 रन जोड़े। ये पहली भारतीय सलामी जोड़ी है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 से ज्यादा रन जोड़े हैं। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट मैच में 145.45 की रही। उन्होंने पहले गेंद से ही आक्रमक बल्लेबाजी की।