Friday, September 20"खबर जो असर करे"

राष्ट्रमंडल खेल में भारतीय पुरुष हॉकी टीम धमाकेदार जीत से शुरुआत, घाना को 11-0 से हराया

बर्मिंघम। राष्ट्रमंडल खेल 2022 (Commonwealth Games 2022) में भारतीय पुरुष हॉकी टीम (Indian men’s hockey team) ने अपने अभियान की धमाकेदार जीत से शुरुआत की है। अपने पहले मैच में भारत (India) ने घाना (Ghana) को 11-0 से हराया है। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह (Harmanpreet Singh) ने गोल की हैट्रिक लगाई है। वहीं जुगराज सिंह ने दो गोल किए हैं। भारत का अगला मैच 01 अगस्त को इंग्लैंड से होना है।

मैच के शुरुआती मिनट में भी भारतीय हॉकी टीम ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिस पर अभिषेक ने रिबाउंड शॉट पर गोल कर दिया। वहीं भारत ने लगातार आक्रमण जारी रखा और पेनल्टी कॉर्नर पर इस बार हरमनप्रीत ने गोल करके बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले क्वार्टर में भारत ने अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही विपक्षी घाना पर पूरी तरह से दबाव बनाकर रखा और शमशेर ने गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया।

मैच के 20वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने शानदार मैदानी गोल कर दिया। वहीं मैच के 22वें मिनट पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक हासिल हुआ, जिस पर जुगराज सिंह ने अपना खाता खोल दिया। पिछड़ने के बावजूद घाना ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन सफलता हासिल नहीं कर सके। दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपने दूसरे गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को मैदान में उतारा। पहले हॉफ की समाप्ति तक भारत ने 63 प्रतिशत गेंद पर कब्जा जमाए रखा।

तीसरे क्वार्टर में तकरीबन पांच मिनट बीत जाने के बाद हरमनप्रीत ने अपना दूसरा गोल कर दिया। वहीं नीलकांता शर्मा ने गोल करके बढ़त को मजबूत कर दिया। इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर पर वरुण कुमार और जुगराज सिंह ने गोल करके टीम का स्कोर 9-0 कर दिया। भारतीय फॉरवर्ड लाइन की गति का विपक्षी रक्षापंक्ति के पास कोई जवाब नहीं था।

आखिरी क्वार्टर के चौथे मिनट में गुरजंट के शानदार पास पर मनदीप ने घाना के गोलकीपर को छकाते हुए अपना पहला और भारत का 10वां गोल कर दिया। अपना 150वां मैच खेल रहे हरमनप्रीत ने मैच खत्म होने से लगभग सात मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर दिया। यह उनका आज के मैच में तीसरा गोल था। यह मैच भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह के अंतरराष्ट्रीय करियर का 300वां मैच रहा।