Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्र में मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 20 मंत्री ले सकते हैं शपथ

भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार सोमवार, 25 दिसंबर को होना तय हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिन तक दिल्ली प्रवास पर भाजपा के तमाम केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात की और संभावित मंत्रियों की सूची पर मंथन किया। इस दौरान मंत्रियों के नाम पर अंतिम मुहर लग है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रविवार देर शाम मीडिया से बातचीत के दौरान इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वे सोमवार सुबह नौ बजे राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और मंत्रियों के नाम की सूची सौंपेंगे

शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। राजभवन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को राज्यपाल से भेंट के लिए समय मांगा है। इसके बाद वे इंदौर रवाना होंगे, जहां हुकूमचंद मिल के मजदूरों के राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम को प्रस्तावित ग्वालियर दौरा भी रद्द कर दिया है। इंदौर में हुकुमचंद मिल के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे भोपाल लौटेंगे और दोपहर साढ़े तीन बजे शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि करीब 20 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसमें नए चेहरे के साथ ही कुछ पूर्व मंत्रियों को मौका देने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मंत्रियों के नाम की आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद को संभाले डॉ. मोहन यादव को 11 दिन हो गए हैं। उन्होंने 13 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा आर राजेन्द्र शुक्ल ने भी शपथ ली थी, लेकिन 11 दिन बाद भी मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो सका है। ऐसा 20 साल में पहली बार हुआ है। मंत्रिमंडल गठन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव सात दिन में तीन बार दिल्ली जा चुके हैं। रविवार को भी उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की, जिसमें मंत्रिमंडल के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को दिल्ली प्रवास के दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के निवास पर पहुंचकर सौजन्य भेंट की। उन्होंने बिड़ला को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। यह मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत पहली मुलाकात थी। बिड़ला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को नए पद व दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। लोकसभा अध्यक्ष बिड़ला ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपनी प्रगतिशील सोच से मध्य प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत राष्ट्रपति से यह पहली मुलाकात थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से भी मुलाकात की। वहीं, रविवार देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी करते हुए कहा कि आज नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का सुखद सानिध्य प्राप्त हुआ। उनसे भेंट कर अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति तथा जनसेवा एवं विकास के संकल्प की सिद्धि हेतु नई ऊर्जा मिली है।