Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्रः भाजपा नेता पर हमला करने वालों के घरों पर चला बुलडोजर

– भोपाल में पांच आरोपितों के तीन मकान ढहाए

भोपाल (Bhopal)। डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद राजधानी भोपाल में गुंडे-बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन एवं नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजदूगी में गुरुवार को भाजपा नेता पर हमला करने वाले पांच आरोपितों के तीन घरों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिए गए। आरोपितों ने गत पांच दिसंबर को तलवार मारकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ अरेरा मंडल के महामंत्री देवेंद्र सिंह ठाकुर की हथेली काट दी थी। हमले के नौवें दिन आरोपियों पर कार्रवाई हुई। डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहली बड़ी कार्रवाई है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पांच दिसंबर को आरोपित फारूक राइन ने भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर पर जानलेवा हमला किया था, जिसमे देवेंद्र ठाकुर की हथेली कट गई थी। देवेंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपित फारुख हबीबगंज पुलिस की गुंडा लिस्ट में शामिल है और उस पर पहले भी कई अपराध दर्ज हो चुके हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपितों फारुख राइन, असलम, शाहरुख, बिलाल और समीर को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने फारूक राइन पर एनएसए की कार्यवाही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों का जुलूस भी निकाला गया था। कलेक्टर आशीष सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

गुरुवार को जिला प्रशासन ने नगर निगम के अतिक्रमण अमले और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पांचों आरोपितों के तीन मकानों के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई भोपाल के 11नंबर स्थित जनता कॉलोनी में की गई।