Friday, September 20"खबर जो असर करे"

पूर्व राष्ट्रपति कलाम के बाद अब दूसरा बड़ा वैश्विक संदेश

– सियाराम पांडेय ‘शांत’

द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना ऐतिहासिक परिघटना तो है, यह भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक भी है। इससे देश-दुनिया में बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक संदेश गया है। इस देश को महिला राष्ट्रपति तो पहले भी मिल चुकी हैं लेकिन आदिवासी महिला राष्ट्रपति पहली बार मिली हैं। उपेक्षित, शोषित, वंचित आदिवासी समाज की वे आवाज बनकर उभरेंगी, यह संदेश दुनिया भर को देने की कोशिश की गई है। इस तरह का संदेश वर्ष 2002 में तब गया था जब प्रख्यात वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम इस देश के राष्ट्रपति चुने गए थे। तब भारत ही नहीं दुनिया भर के मुस्लिम समाज में यह संदेश गया था कि भारत का राष्ट्रपति मुस्लिम है और उससे भी पहले वह पढ़ा-लिखा नेक इंसान है। द्रौपदी मुर्मू के चुनाव में यह भी साबित हुआ है कि कोई भी राजनीतिक दल नहीं चाहता कि आदिवासी समाज उनसे नाराज हो। इसीलिए अधिकांश राजनीतिक दलों ने द्रौपदी मुर्मू का साथ दिया।

इसे प्रधानमंत्री का राजनीतिक कौशल ही कहा जाएगा कि उन्होंने अपने एक तीर से विपक्ष की एकता के महल को धराशायी कर दिया। इस एक निर्णय का लाभ वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान व मध्यप्रदेश के अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में भाजपा को मिल सकता है। इन राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। जब रामनाथ कोविन्द को देश के दूसरे दलित राष्ट्रपति पद का राजग उम्मीदवार घोषित किया गया था तब भी उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में अति दलित कार्ड खेला गया था। इसका लाभ भी भाजपा को मिला था। मगर इसका वैश्विक संदेश नहीं जा पाया। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो संदेश गया है, उसके दूरगामी प्रभाव होंगे। दुनिया भर में भारतीय रीति-नीति की प्रशंसा हो रही है।

द्रौपदी मुर्मू के आदिवासी होने के चलते जहां आदिवासियों में अपने उत्थान की उम्मीद जगी है, वहीं नक्सलियों के लाल गलियारे पर भी इसका असर पड़ेगा। अब देश की प्रथम महिला नागरिक की एक अपील नक्सली आतंकवाद को मिटाने में सहायक सिद्ध होगी। इस समय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में नक्सलियों की उपस्थिति है। जुलाई 2011 तक देश के 83 जिले नक्सलियों के लाल गलियारे में आते थे लेकिन फरवरी 2019 तक 11 राज्यों के 90 जिले नक्सल प्रभावित हो गए थे। यह और बात है कि सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और सरकार के निरंतर विकास प्रयास से भारत में लाल नक्सल गलियारा घटा है और वह संभवत: बस्तर तक ही सिमट कर रह गया है। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने से इन लोगों के समाज और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की उम्मीद है।

महिला राष्ट्रपति चुनने के मामले में भारत ने दूसरी बार अमेरिकी लोकतंत्र को आईना दिखाया है। अमेरिका के 250 साल के इतिहास में 45 राष्ट्रपति चुने गए, लेकिन उनमें एक भी महिला राष्ट्रपति नहीं चुनी गई। 1872 के बाद दर्जनों महिलाओं ने अपने दम पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें किसी बड़ी पार्टी का समर्थन नहीं मिला। इसकी वजह चाहे जो भी रही हो। 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन बहुत कम अंतर से डोनाल्ड ट्रंप से हारी थीं। हिलेरी अमेरिकी इतिहास की पहली महिला थीं जो राष्ट्रपति पद के इतने नजदीक करीब तक पहुंची थीं। बावजूद इसके यह बात भी सही है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में राष्ट्रपति की कुर्सी पर आसीन होने के लिए महिलाओं को लंबा संघर्ष करना पड़ा। प्रतिभा देवी सिंह पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गई थीं लेकिन राष्ट्रपति बनने के क्रम में वे 12वें पायदान पर थीं। संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति चुनी गई हैं। आजादी के 60वें साल में पहली और 75 वें साल में दूसरी महिला राष्ट्रपति का मिलना यह साबित करता है कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के मामले में हम शायद बहुत जागरूक और गंभीर नहीं रहे हैं।

देश में डॉ. आर के नारायणन और रामनाथ कोविंद जैसे दलित राष्ट्रपति हुए हैं लेकिन इससे दलितों का कितना भला हुआ, इसका जवाब किसी के भी पास नहीं है। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू के पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होने का फायदा तो तब है जब आदिवासियों को उनका हक मिले। उनका सम्यक विकास हो। 1967 में पहली बार मनोहरा होल्कर राष्ट्रपति का चुनाव लड़ीं लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा और चुनाव जीतकर डॉ. जाकिर हुसैन भारत की शीर्ष कुर्सी पर विराजित हो गए। 1969 में दोबारा कराए गए राष्ट्रपति चुनाव में गुरचरण कौर ने पर्चा भरा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2002 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज की कैप्टन लक्ष्मी सहगल प्रख्यात वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम से हार गई थीं। 2007 में प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने भैरो सिंह शेखावत को मात देकर बड़े अंतर से चुनाव जीती थीं। 2017 के राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार पर दांव खेला पर वह राजग उम्मीदवार रामनाथ कोविन्द से चुनाव हार गई थीं। देश को पहली महिला राष्ट्रपति के लिए भले ही 60 साल का इंतजार करना पड़ा हो, लेकिन अब स्थितियां बदल रही हैं। 2002 से लेकर 2022 के राष्ट्रपति के पांच चुनाव में से 4 में महिला उम्मीदवार टक्कर में रही हैं। इसमें से 2007 और 2022 में महिला उम्मीदवार को जीत मिली, जबकि 2002 और 2017 में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया।

आधी आबादी के लिए यह गौरव की बात है कि उनका जीवन के लगभग सभी क्षेत्रों में वर्चस्व बढ़ रहा है लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्हें आत्मनिर्भर बनना है। अपने फैसले उन्हें खुद लेने हैं। जब तक हम उन्हें काम की आजादी नहीं देंगे तब तक वे चाहकर भी कुछ खास नहीं कर सकेंगी। चुनाव विश्वास से जीता जाता है और विश्वास जीतने के कई तौर-तरीके हो सकते हैं लेकिन राजनीति के शिखंडी प्रवेश से तो बचा ही जा सकता है। ईमानदारी, जिम्मेदारी, बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर भी तो राजनीति की गाड़ी को गति दी जा सकती है। पराजित उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने भी द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है। मगर उन्हें सचेत किया है कि वे निर्णय लेते वक्त अपने प्रबल विवेक का परिचय दें। दबाव में निर्णय न लें। देश के प्रथम नागरिक से इसी तरह के साहस की यह देश उम्मीद भी करता है।

(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं)।