Friday, September 20"खबर जो असर करे"

पन्ना जिले तक नर्मदा मैया का जल लाने के होंगे प्रयासः मुख्यमंत्री शिवराज

– मुख्यमंत्री ने किया 677 करोड़ 49 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि पन्ना जिले (Panna District) के गुन्नौर क्षेत्र में नर्मदा जल (Narmada water in Gunnaur area) लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा। पन्ना जिले के नागरिकों को नर्मदा मैया का पानी उपलब्ध कराया जायेगा। गुन्नौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को पन्ना जिले के गुन्नौर में जनदर्शन (public viewing) के पश्चात लाड़ली बहनाओं और नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर 677 करोड़ रुपये राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान आकर्षित किए जाने पर कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और भितरी मुटमुरू बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।

जन कल्याण में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पन्ना जिले के तीन नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए गुन्नौर, अमानगंज और देवेन्द्र नगर के लिए एक-एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न मांग पत्रों और नागरिकों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान आकर्षित किए जाने पर कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।

पूर्व सरकार ने लगाया योजनाओं को पलीता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पलीता लगा दिया था। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात जनसेवा में लगे हैं। उन्होंने निर्धन तबके को नि:शुल्क राशन उपलब्ध करवाने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश सरकार भी आम जनता के कल्याण के लिए सक्रिय है। यहाँ 600 करोड़ रुपये की राशि से घर-घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का कार्य हुआ है। मेडिकल-इंजीनियरिंग में होनहार विद्यार्थियों द्वारा प्रवेश लिए जाने पर शिक्षण शुल्क देने की पहल की गई है। विद्यार्थियों को चाहे 10 लाख रुपये तक फीस भरनी हो, इसकी व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। किसानों के लिए पर्याप्त सिंचाई जल और 6 हजार रुपये पीएम किसान निधि के साथ ही राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि देने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण भी मिल रहा है। पूर्व सरकार द्वारा बैगा, सहरिया और भारिया परिवारों के लिए आहार अनुदान की राशि का भुगतान बंद कर दिया गया था। पूर्व सरकार ने बहनों को मिलने वाली 16 हजार रुपये की प्रसव सहायता राशि, कन्यादान योजना और तीर्थ दर्शन योजना का क्रियान्वयन भी बंद कर दिया था। हमारी सरकार बुजुर्गों को रेल ही नहीं प्लेन से भी तीर्थों के दर्शन करवा रही है।

लाड़ली बहनाओं को उपहार देने की तिथि आ रही है नजदीक
उन्होंने कहा कि आगामी 30 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। बहनों को भाई का उपहार मिलने वाला है। आगामी 27 अगस्त को दोपहर 1.00 बजे महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा। आज लाड़ली बहनाओं ने यहां पगड़ी पहनाकर मेरा स्वागत किया है। इनका सम्मान कभी कम नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि फूल बरसाकर स्वागत करने वाली लाड़ली बहनों की राह में कभी कांटे आने दिए जाएंगे। लाड़ली बहनाओं की जिन्दगी में कभी अंधेरा न आए, यह मेरा संकल्प है। राखी का कच्चा धागा स्नेह का प्रतीक है। बहनों की आँखों में आंसू नहीं रहने दूंगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में हम महिला सशक्तिकरण का इतिहास बनाएंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन पर राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रुपये का प्रबंध किया है। लाड़ली बहनों का सम्मान इस योजना से बढ़ रहा है। प्रयास यह है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से मासिक आमदनी 10 हजार रुपये तक हो जाए। प्रदेश में दुराचारियों के लिए कठोर सजा और फांसी तक के प्रावधान किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के गुनौर रोड-शो में उमड़ा लाड़ली बहनों का सैलाब
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को बुन्देलखण्ड के ऐतिहासिक नगरी गुनौर में रोड-शो में शामिल हुए। उन्होंने कृषि मण्डी तिराहे से सिली तिराहे तक लगभग दो किलो मीटर मार्ग मे जनदर्शन (रोड शो) किया। जनदर्शन में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लाड़ली बहनों का जन-सैलाव उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री चौहान की एक झलक पाने के लिए युवा, बच्चे, महिला, पुरूष, बुजुर्ग सभी आतुर थे।

जगह-जगह रोड-शो का लोगों द्वारा स्वागत किया गया और मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की गई। जनदर्शन के पहले नगर परिषद गुनौर द्वारा मुख्यमंत्री का फलों से तुलादान किया गया। लोगों से मिले अपनेपन से मुख्यमंत्री चौहान अभिभूत हो गये। रोड-शो के दौरान खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, राजेश कुमार वर्मा भी उनके साथ थे।

रोड-शो के दौरान मुख्यमंत्री चौहान को बहनों ने राखी बांधी और जगह-जगह बहनों ने राखी श्रीफल भेंट किए। विभिन्न संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को शाल, श्रीफल और पुष्प माला से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री का रोड-शो के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। गुनौर में कुर्मी क्षत्रिय समाज संगठन, विश्वकर्मा विकास परिषद, यादव समाज, साहू समाज, कबीर पंथी समाज, ब्राम्हण समाज, क्षत्रिय समाज, पाल बघेले गड़रिया धनगर आदि सामाजिक संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

विभिन्न कर्मचारी संगठन द्वारा रोड-शो के दौरान मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया गया-इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका संगठन म.प्र. राज्य कर्मचारी संगठन, पंचायत सचिव संगठन, ग्राम रोजगार सहायक संगठन, अतिथि शिक्षक संघ, पटवारी संगठन, कोटवार संगठन मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र, किसान मित्र एवं किसान दीदी, प्रस्फुटन समिति और नगर परिषद के विभिन्न वार्डों के पार्षदों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।