……..
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को वाइट हाउस में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री संग द्विपक्षीय समझौते पर दस्तखत करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेन्स कर रहे थे। उन्होंने अभी बोलना ही शुरू किया था कि अचानक वह याए, ओए, ओए करने लगे। दरअसल, वह इन शब्दों के जरिए एक कैमरामैन का ध्यान अपनी तरफ खींचना चाह रहे थे, जो वाइट हाउस के कैबिनेट रूम में लगे 400 साल पुराने शीशे से टकराने जा रहा था।
जब कैमरामैन गलती से उस शीशे से टकरा गया तो ट्रंप ने बीच में ही अपनी बात रोककर उस कैमरामैन को फटकार लगाना शुरू कर दिया। इससे वाइट हाउस का एक बेहद अहम प्रेस इवेंट उस समय कुछ देर के लिए शोर-शराबे और मजाक में तब्दील हो गया। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज उनके बगल में ही बैठे थे, जिनके साथ ट्रंप ने 8.5 अरब डॉलर के नए महत्वपूर्ण खनिज सौदे पर दस्तखत किए थे।
यह शीशा 400 साल पुराना है
ट्रंप ने जब डील के बारे में पत्रकारों से कहना शुरू किया, “हम यहाँ व्यापार, पनडुब्बियों और कई अन्य सैन्य उपकरणों के बारे में बात करने आए हैं..” उन्होंने अभी इतना ही कहा था और फिर अचानक रुक गए। “ओए, ओए.. देखकर, जरा देखकर..आपको इसे तोड़ने की इजाज़त नहीं है। यह शीशा 400 साल पुराना है। अभी-अभी एक कैमरा शीशे से टकराया है। ओए,ओए!”
जिंदगी में यही सब तो समस्याएँ हैं
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी एक शैली से माहौल को हल्का कर दिया। “मैंने इसे अभी-अभी तिजोरियों से निकलवाकर विशेष रूप से यहाँ ऊपर लगवाया है, और सबसे पहले जो हुआ, वह यह कि कैमरा इससे टकरा गया। यकीन करना मुश्किल है, है ना? यकीन करना मुश्किल है, लेकिन जिंदगी में यही सब तो समस्याएँ हैं।”
ऑस्ट्रेलिया संग डील मील का पत्थर
यह संक्षिप्त व्यवधान उस बैठक के दौरान आया जिसका उद्देश्य अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक महत्वपूर्ण खनिज साझेदारी पर हस्ताक्षर को उजागर करना था। इस समझौते को दोनों नेताओं ने रेयर अर्थ मिनरल्स पर चीन की पकड़ का मुकाबला करने में एक मील का पत्थर बताया।
