Monday, March 9खबर जो असर करे |
Shadow

चीन में एक ही दिन कई रेस्टोरेंट के खाने में मिले इंसानी दांत; फूड सेफ्टी को लेकर लोगों में चिंताएं

वीजिंग। अपने खान-पान की आदतों को लेकर चीन अक्सर चर्चा में रहता है। अब हाल ही में चीन से कुछ ऐसे नए मामले आए हैं, जिसे सुनकर आपका मन भी विचलित हो सकता है। दरअसल चीन में एक साथ अलग-अलग जगहों पर लोगों को खाने में इंसानी और नकली दांत मिलने के मामले सामने आए हैं। इससे देशभर में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ी चिंताएं खड़ी हो गई हैं।

पहला मामला चीन के जिलिन प्रांत का है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक 13 अक्टूबर को यहां एक महिला एक आउटडोर स्टॉल से पहुंची। महिला ने बताया कि उसने अपने बच्चे के लिए सॉसेज खरीदा। हालांकि सॉसेज में उसे तीन इंसानी दांत की एक कतार जैसी चीज मिलने पर वह दंग रह गई। शुरुआत में वेंडर ने यह मानने से इनकार किया कि सॉसेज में दांत थे, लेकिन बाद में लोकल मार्केट सुपरविजन अधिकारियों के दखल के बाद उसने माफी मांग ली।

मामला यही नहीं रुका। उसी दिन एक और मामला गुआंगडोंग प्रांत के डोंगगुआन शहर से सामने आया। यहां एक महिला ने बताया कि उसके पिता को संजिन सूप डंपलिंग्स रेस्टोरेंट में परोसे गए डिम सम के अंदर दो इंसानी दांत मिले। महिला ने पुष्टि की कि ये दांत उसके पिता के नहीं थे। वहीं अपनी सफाई में रेस्टोरेंट चेन ने कहा कि उसके सभी डंपलिंग्स कंपनी हेडक्वार्टर से सीधे सप्लाई किए जाते हैं, इसीलिए उसे नहीं पता कि दांत आखिर डंपलिंग्स में कैसे पहुंचे। स्थानीय प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
केक में भी मिला दांत

अगले दिन यानी 14 अक्टूबर को शंघाई में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया। यहां एक ग्राहक को वालनट केक के अंदर एक नकली इंसानी दांत मिला। यह केक उसने सैम्स क्लब के लोकल ब्रांच से खरीदा था। हैरानी की बात यह है कि सैम्स क्लब अपने उच्च गुणवत्ता वाले फूड स्टैंडर्ड के लिए जाना जाता है और यह चीन के 20 से ज्यादा शहरों में 50 से अधिक आउटलेट चलाता है। सैम्स क्लब के स्थानीय स्टाफ सदस्य ने इस घटना पर हैरानी जताई और कहा कि उनकी फैक्ट्री में तैयार किए गए प्रोडक्ट्स में ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक बाद में स्टोर ने उसे 1,000 युआन (करीब 140 अमेरिकी डॉलर) मुआवजे के रूप में देने की पेशकश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *