Friday, September 20"खबर जो असर करे"

पिता-पुत्री ने तीन बच्चों सहित पिया जहर, पांचों का गंभीर हालत में इलाज जारी

मुरैना। बालिग पुत्री के जीजा के साथ लापता हो जाने से दु:खी पिता व विवाहिता पुत्री ने अपने तीन बच्चों सहित जहर का सेवन कर लिया। पड़ोसियों द्वारा गंभीर हालत में इलाज के लिये लाये जाने पर प्राथमिक चिकित्सा के पश्चात मुरैना से ग्वालियर भेज दिया गया। पड़ोसियों के अनुसार बालिग पुत्री दामाद के साथ चले जाने पर पूरा परिवार दु:खी था। पिता-पुत्री ने गुमइंसान की सूचना भी पुलिस में दर्ज कराई थी। इसके बावजूद भी दोनों का कहीं पता नहीं चल सका। इस घटना को पिता-पुत्री सामाजिक अपमान मान रहे थे। इससे दु:खी होकर जीवन को समाप्त करने का कदम उठाया। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्रान्तर्गत छौंदा गांव निवासी कुरू उर्फ कुंदन बाथम की दो पुत्री राजावेटी तथा जानकी उर्फ नीतू है।

कुंदन ने अपनी बड़ी पुत्री राजावेटी का विवाह जौरा निवासी रामविलाश बाथम के साथ लगभग 10 वर्ष पूर्व किया था। राजावेटी व रामविलास के तीन बच्चे हैं। इनमें दो लडक़ी व एक लडक़ा शामिल हैं। रामविलास व राजावेटी अपने बच्चों सहित कुंदन के पास रह रहे थे। रामविलास की नजरें जानकी उर्फ नीतू उम्र 20 साल पर लगी हुई थी। काफी दिनों से नीतू व रामविलास की नजदीकियां बढ़ गईं थी, जिसे लेकर घर में कई बार विवाद भी होता था। विगत 10 जुलाई को रामविलास नीतू को लेकर लापता हो गया। तलाश करने पर नहीं मिला, तब पुलिस को गुमइंसान की सूचना दर्ज कराई गई। इन चार दिनों के दौरान रामविलास व नीतू का पता न चलने पर कुंदन व बड़ी पुत्री राजावेटी दुखी होकर जिल्लत महशूस कर रहे थे। पुलिस स्थिति पर नजर बनाये रखने के लिये ग्वालियर पहुंच गई है। यहां सभी की हालत स्थिर बनी हुई है।