Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में मप्र की बड़ी भूमिका: प्रधानमंत्री मोदी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उभरती भाजपा को दुनिया को सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में मध्य प्रदेश की धरती की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए ऐसी ऊर्जावान मप्र की धरती पर ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए हृदय से आनंद आ रहा है। शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रास रूट लेवल पर संगठित तरीके से इतना बड़ा कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा। कुछ देर पहले मुझे देश के 6 राज्यों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर भी मिला है।

 

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को भोपाल से मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार की शुरुआत करने आए हैं। उन्होंने यहां मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित किया। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से तीन हजार कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं। एमपी को विशेष बधाई दूंगा। यहां एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन मिली हैं। अभी तक यात्री भोपाल से दिल्ली के बीच वंदे भारत के सफर का आनंद ले रहे थे। अब भोपाल से इंदौर, रानी कमलापति से जबलपुर का सफर तेज, आधुनिक, सुविधा संपन्न होगा।

 

अमेरिका, मिस्र में भी मुझ तक कार्यकर्ताओं की जानकारियां पहुंची

उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं और उसमें आप जो मेहनत करते हैं, उसकी जानकारियां लगातार मुझ तक पहुंच रही हैं। जब अमेरिका और मिस्र में था, तब भी ये जानकारी मिलती रहती थी। इसलिए वहां से आने पर सबसे पहले आप लोगों से मिलना मेरे लिए ज्यादा सुखद और आनंददायक है।

 

भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए दल से बड़ा देश है। जहां दल से बड़ा देश हो ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करने का मेरे लिए भी एक मंगल अवसर है। मैं भी बहुत उत्सुक हूं।

 

सेवाभावी के रूप में हो पहचान

उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनसेवा का मंत्र देते हुए कहा कि बूथ पर भाजपा की पहचान सेवाभावी की होनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जन्मदिन आंगनबाड़ी में मनाओ, पिताजी की मृत्यु की तिथि है, तो आंगनबाड़ी में मनाओ, शादी की सालगिरह भी आंगनबाड़ी में मनाएं। घर से बनाकर लाओ, इन बच्चों को खिलाओ। इससे आपको आनंद भी आएगा और इन बच्चों का कुपोषण भी कम होगा।’ उन्होंने इस दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं, वकालत करते हैं, ये वोटबैंक के भूखे लोग मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं। एजेंसी/हिस