Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिलवियो बर्लुस्कोनी का 86 साल की उम्र में निधन

रोम। तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रहे सिलवियो बर्लुस्कोनी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे और तमाम आरोपों में भी घिरे रहे।

बर्लुस्कोनी 1994 से लेकर 2011 तक तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रहे। सबसे पहले बर्लुस्कोनी साल 1994 में इटली के पीएम बने। उसके बाद वह 2001 से 2006 तक इटली के पीएम रहे। 2008 में फिर से उन्होंने सत्ता में वापसी की, लेकिन 2011 में कर्ज संकट के चलते इस्तीफा देना पड़ा और वह राजनीति से भी दूर हो गए। हालांकि, 2017 में उन्होंने फिर से सक्रिय राजनीति में एंट्री ली थी। बीते छह हफ्तों से मिलान के एक अस्पताल में बर्लुस्कोनी का इलाज चल रहा था।

वर्ष 1936 में इटली के मिलान शहर में जन्मे सिलवियो बर्लुस्कोनी इटली के सबसे बड़े कमर्शियल ब्रॉडकास्टर मीडियासेट के मालिक थे। वह मशहूर फुटबॉल क्लब एसी मिलान के भी मालिक रहे। बर्लुस्कोनी वर्ष 2012 में एक टैक्स में धांधली के आरोप में भी फंसे थे। इटली की राजनीति में सिलवियो बर्लुस्कोनी को किंगमेकर माना जाता था और अपने राजनीतिक करियर के चरम पर वह इटली की सत्ता के केंद्र में रहे।