Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्र : चार आईएएस का तबादला, आशीष सिंह बने भोपाल के कलेक्टर

– कौशलेंद्र विक्रम सिंह को पर्यटन विकास निगम की जिम्मेदारी, 48 घंटे में सरकार ने बदला आदेश

भोपाल। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना के आदेश दिए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार देर रात आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के मुताबिक आईएएस आशीष सिंह को भोपाल जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। आशीष सिंह वर्तमान में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम में प्रबंध संचालक हैं। राज्य शासन ने दो दिन पहले ही कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल कलेक्टर बनाने का आदेश जारी किया गया था। 48 घंटे बाद में ही सरकार ने इस आदेश को निरस्त कर दिया है। कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम में प्रबंध संचालक बनाया है। वहीं, अविनाश लवानिया को जल निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया था। इस आदेश को भी निरस्त कर दिया गया है। नए आदेश में एस. विश्वनाथन को जल निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। अब अविनाश लवानिया को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम का प्रबंध संचालक पदस्थ किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया के स्थान पर मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ अपर सचिव कौशलेंद्र विक्रम सिंह को कलेक्टर बनाया गया था। वे कार्यभार भी नहीं संभाल पाए थे। इससे पहले ही सरकार ने उक्त आदेश को बदल दिया। बुधवार रात जारी आदेश के मुताबिक, अब आशीष सिंह भोपाल को नए कलेक्टर होंगे, जबकि कौशलेन्द्र विक्रम सिंह मप्र पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी संभालेंगे। आशीष सिंह इंदौर नगर निगम आयुक्त और उज्जैन कलेक्टर के पद पर रह चुके हैं। (एजेंसी, हि.स.)