Friday, September 20"खबर जो असर करे"

लाड़ली बहना योजना कर्मकांड नहीं, सामाजिक क्रांति का शंखनादः शिवराज

– बहनों की सुरक्षा के लिए बनाई जाएगी लाड़ली बहना सेना

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Scheme) कर्मकांड नहीं (not ritual) मध्यप्रदेश में सामाजिक क्रांति का शंखनाद (conch shell of social revolution) है। पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू हुई थी। अब बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है। बहने समृद्ध होंगी तो परिवार समृद्ध होगा। मध्यम और गरीब वर्ग की बहनों की आर्थिक समस्याएं दूर होगी। इस योजना से उनके जीवन में खुशहाली आएगी। जब महिलाओं के पास राशि रहेगी तो घर की हालत बदल जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को बैतूल में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण एवं महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को उनका हक दिलाया जा रहा है। उनके मान-सम्मान का ध्यान रखा जा रहा है। बुजुर्ग महिलाओं की पेंशन 600 से बढ़ाकर 1000 रुपये की जायेगी। महिलाएं स्वाभिमान से जिये, प्रदेश की धरती पर अत्याचार नहीं होने देंगे। महिलाओं को शक्तिशाली बनाने के लिए हर ग्राम में लाडली बहना सेना बनाई जाएगी। इसमें बहने शामिल होंगी, जो महिलाओं की सुरक्षा का कार्य करेंगी। आवासहीनों को रहने के लिए भूमि दी जाएगी। जल, जंगल, जमीन पर जनजातीय वर्ग का भी हक है। उन्हें पेसा नियम में अधिकार दिए गए हैं।

मुलताई में मां ताप्ती कॉरिडोर बनाया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलताई में मां ताप्ती कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसकी पूरी रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने संस्थाओं का नाम क्रांतिकारियों के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की। उन्होंने 680 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए मेरा मन सदैव तत्पर रहता है। बहनों के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा कई फैसले लिए गए हैं। राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए पंचायत और नगरीय निकायों के चुनावों में महिलाओं के आरक्षण के साथ शासकीय सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने के लिए शिक्षक भर्ती में 50 तथा पुलिस भर्ती में 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई। इसमें बेटियों ने भी अपनी प्रतिभा सिद्ध की। राज्य सरकार महिला के नाम से भूमि की रजिस्ट्री कराने पर रजिस्ट्री शुल्क में छूट देती है। उन्होंने कार्यक्रम में योजना की विस्तार से जानकारी दी।

अब बेटी को भी अनुकंपा नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय सेवाओं में पहले बेटे को ही अनुकंपा नियुक्ति दी जाती थी। अब निर्णय लिया गया है कि बेटी को भी अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ग्राम जीन निवासी बेटी संगीता गोहे को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया।

अब अहाता बार नहीं खुलेंगे
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब अहाते बार नहीं खुलेंगे। सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं। कोई सड़क पर या पार्क में शराब नहीं पियेगा। इस व्यवस्था से महिलाओं पर होने वाले अत्याचार रूकेंगे और शराब पर नैतिक अंकुश लगेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में सीएम राईज से बदलाव आएगा
मुख्यंमत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को बदलने की कोशिश की जा रही है। शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए अब पूरे प्रदेश में सीएम राईज स्कूल की स्थापना हो रही है, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके। प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई भी अब हिन्दी में कराई जा रही है।

हर घर में नल से जल मिलेगा
उन्होंने कहा कि हमारी बहनों को पानी लाने के लिए अब दूर जाने और हैंडपंप चलाने की जरूरत नहीं है। जल जीवन मिशन से घर में ही नल से जल मिलेगा।

समाज जगाने के लिए सभी को आगे आना होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को बदलना है और एक नया मध्यप्रदेश गढ़ना है। इसके लिए सभी को मिल कर कार्य करना होगा। उन्होंने महिलाओं के साथ सभी का आह्वान किया कि मिलकर अन्याय के खिलाफ खड़े हो जाएं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में सांसद दुर्गादास उइके और विधायक योगेश पंडाग्रे ने भी संबोधित किया।

लाड़ली बहनों ने भैया शिवराज को पहनाई 101 फीट लंबी राखी
महिला सम्मेलन में जिले की 500 ग्राम पंचायतों की बहनों ने अपने भैया मुख्यमंत्री चौहान को 101 फीट लंबी राखी पहना कर लाड़ली बहना योजना शुरू करने के लिए कृतज्ञता प्रकट की। मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप लाड़ली बहना बैच भी लगाए गए। सम्मेलन में जन-प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)