Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्रः चाचोड़ा और मउगंज विधानसभा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा शामिल

– प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने किया स्वागत

भोपाल (Bhopal)। बजरंग दल (Bajrang Dal) के मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संयोजक राव उदय प्रताप सिंह, रीवा जिले के मउगंज विधानसभा से 2018 में बसपा के प्रत्याशी (BSP candidate) रहे मृगेन्द्र सिंह सेंगर (Mrigendra Singh Sengar) और चाचोड़ा की कांग्रेस नेत्री प्रियंका मीना (Chachoda’s Congress leader Priyanka Meena) ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ रविवार को भोपाल पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश प्रभारी राव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभी नेताओं का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और मुंह मीठा कराया। प्रियंका मीना कांग्रेस सरकार में राज्यमंत्री रहे हरभजन सिंह मीना की पौत्रवधु है।

भाजपा को मजबूत करने के लिए आपका निर्णय अभिनंदनीय

भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने भाजपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि देश आजादी के 75 वर्ष पूरे करने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व पार्टी लगातार हर समाज वर्ग के बीच काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए आपने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने का जो निर्णय लिया है, वह अभिनन्दनीय है।

टीम भावना के साथ मिलकर जीत का इतिहास बनाएंगे: शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से बिल्कुल अलग है, क्योंकि भाजपा परिवार भाव से काम करने वाला दल है। आप सभी एक परिवार में सम्मिलित हुए हैं और परिवार के एक सदस्य के रूप में आपकी भूमिका बनी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा का पूरी दुनिया में नाम रोशन हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को आज सर्वोच्च स्थान और मान-सम्मान मिला है। आज 16 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। देश में पंच-सरपंच से लेकर प्रमुख सर्वोच्च स्थानों तक पार्टी के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। भाजपा ने पूरे देश को सुशासन देने का काम किया है और प्रदेशों में पार्टी की रीति-नीति पर सरकारें काम कर रही हैं। आज सबसे बड़े दल भाजपा में आपका स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक टीम भावना के साथ काम करते हुए आगामी 2023-24 के विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में पार्टी को विजयी बनाकर इतिहास बनाने का काम करेंगे।

ये नेता हुए भाजपा में शामिल

मउगंज के जनपद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, उमाकांत पाण्डेय, शिवानन्द पटेल, राकेश कुमार द्विवेदी, कमलेश शुक्ला सहित पूर्व सरपंच, समाजसेवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।

भाजपा से निष्कासित प्रीतम लोधी की भी हो सकती है घर वापसी

भाजपा से निष्कासित किए गए प्रीतम लोधी की फिर घर वापसी हो सकती है। वे तीन मार्च को शिवपुरी के पिछोर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। इसकी पुष्टि खुद प्रीतम लोधी ने की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी इस संबंध में संकेत दिए हैं। प्रीतम लोधी ब्राहम्णों और कथावाचकों पर विवादित बयान दे चुके हैं।

इधर, गुना के चांचौड़ा की महिला नेता प्रियंका मीणा पेंची ने भी रविवार को भोपाल पहुंचकर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ले ली। उनके साथ करीब 100 समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर वीडी शर्मा से पूछा गया कि क्या प्रीतम लोधी की भाजपा में वापसी हो रही है? इस पर उनका कहना था कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। अगर लोगों को लगता है कि मैं पार्टी में रहकर समाज और देश के लिए कुछ कर सकता हूं, तो ऐसे लोगों का स्वागत है। ये अकेले बड़े स्तर पर ही नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर भी स्वागत है। (एजेंसी, हि.स.)