Monday, March 9खबर जो असर करे |
Shadow

लखनऊ में सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

लखनऊ, 12 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि बंथरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी शनिवार दोपहर बाजार गई थी, जहां रास्ते में उसका एक दोस्त मिला। दोनों बातचीत करते हुए बाग की ओर चले गए। इसी दौरान वहां ललित, मेराज, छोटू, बाबू और विशाल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने किशोरी के दोस्त को पीटकर भगा दिया और उसके बाद पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि वह इस बात की जानकारी किसी को न दे।

शाम को घर पहुंचने पर किशोरी ने अपने परिवार को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में मेराज और ललित को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान ललित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

डीसीपी अग्रवाल ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *