Saturday, June 20खबर जो असर करे |
Shadow

शिमला में स्कूल के लिए निकले दो सगे भाई रहस्यमय तरीके से लापता, अपहरण का मामला दर्ज

शिमला, 12 अक्टूबर।
शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव थाना क्षेत्र से दो सगे भाई रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। दोनों नाबालिग छात्र 9 अक्तूबर की सुबह स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद से अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चिड़गांव क्षेत्र के गांव टेलगा, डाकघर खाशाधर निवासी माशू ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे भीम सिंह (15) और बलदेव (14) सुबह करीब 9 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंधा पढ़ाई के लिए गए थे। लेकिन वे शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने दोनों बच्चों का अपहरण कर लिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों लापता बच्चों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में टीमों को भेजा गया है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें ताकि उन्हें सुरक्षित घर लाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *