Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

शिमला में चिट्टा तस्करी के दो मामले दर्ज, एक गिरफ्तार, एक को नोटिस पर छोड़ा

शिमला, 12 अक्टूबर।
शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे को नोटिस जारी कर छोड़ा गया है।

पहला मामला शिमला के सदर थाना क्षेत्र का है। शनिवार देर शाम एसआई हेमराज नेगी की अगुवाई में पुलिस टीम पुराना बस अड्डा शिमला के नीचे चौहान गेस्ट हाउस के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 10.710 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। आरोपी की पहचान रमनदीप सिंह (24) पुत्र गुरजंत सिंह निवासी हरलालपुर, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरा मामला ठियोग थाना क्षेत्र का है। शनिवार को फागू पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल विजय की अगुवाई में टीम एनएच-05 से गल्लू स्थित एडवेंचर रिजॉर्ट रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान एक युवक से 2.04 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान लवेश देव उर्फ टिट्टू (29) पुत्र प्रताप सिंह निवासी गांव चौकी, डाकघर कुफरी, जिला शिमला के रूप में हुई है। बरामद मात्रा कम होने के कारण पुलिस ने आरोपी को नोटिस जारी कर छोड़ा और मामले की जांच जारी रखी है।

एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *