Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: आज देर शाम तक राजग गठबंधन कर सकता है सीट बंटवारे का ऐलान

पटना, 12 अक्टूबर।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आज देर शाम तक सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर सकता है। सूत्रों के अनुसार, गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल आधिकारिक ऐलान बाकी है।

राजग में जनता दल (यूनाइटेड), भारतीय जनता पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सीटों का ऐलान आज हो जाएगा। भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी कहा कि लगभग सभी मसलों पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में राजग के शीर्ष नेताओं ने देर रात तक बैठक कर सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया। इस समझौते के अनुसार, जदयू 101 या 102 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है, जबकि भाजपा को उससे एक सीट कम मिलने की संभावना है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को लगभग 26 सीटें, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) को सात सीटें और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह सीटें मिल सकती हैं।

दूसरी ओर, महागठबंधन में अभी तक सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वाम दल और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के बीच अभी भी बातचीत जारी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शिशर जी ने बताया कि महागठबंधन की ओर से सीट बंटवारे की घोषणा सोमवार तक कर दी जाएगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही सभी दलों पर अब सीटों के बंटवारे और उम्मीदवार चयन की घोषणा का दबाव बढ़ गया है। राजग का आज होने वाला ऐलान बिहार चुनावी समीकरणों में नया मोड़ ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *