Friday, September 20"खबर जो असर करे"

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का हो रहा उदय: शिवराज

– मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल को किया स्थापित

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के नेतृत्व में भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games) की मेजबानी देकर अद्भुत कार्य किया है। उनके नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है।

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार देर शाम भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारम्भ किया। इस मौके पर प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, केन्द्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक, अरुणाचल प्रदेश के खेल मंत्री मामा नटुंग, मप्र के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद वीडी शर्मा, महापौर मालती राय के साथ मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी साधना सिंह भी मौजूद थीं।

यूथ गेम्स में मप्र के पदक विजेताओं को दिए जाएंगे 5 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल ही भारत की महिला टीम ने टी-20 अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप जीता है। खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए मध्यप्रदेश में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश में 18 खेलों के लिये 11 खेल अकादमी स्थापित की गई हैं। ये खेल नए खिलाड़ी गढ़ने का काम करेंगे। देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन करेंगे। मध्यप्रदेश के खिलाड़ी जो पदक जीत कर आएंगे उनको अगले खेलों के लिए 5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। जोर लगा दो जान लगा दो हिन्दुस्तान का दिल धड़का दो।

सभी खिलाड़ियों को जान से ज्यादा संभाल कर रखेंगे
मुख्यमंत्री चौहान ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आरंभ की घोषणा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खेल मशाल को स्थापित किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि खेलो इंडिया गेम्स में शामिल होने आये सभी खिलाड़ियों को हम जान से ज्यादा संभाल कर रखेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सही कहते हैं कि जब कोई खिलाड़ी ओलिम्पिक में पदक जीतता है, तो 130 करोड़ देखवासी गौरवान्वित होते हैं। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिये हर स्तर पर प्रयास किये गये हैं। पहले मध्यप्रदेश की खेलों में गिनती नहीं होती थी। पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 38 पदक जीत कर प्रदेश का नाम रौशन किया था। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पहले खेलों का बजट 5 करोड़ रुपये हुआ करता था, जो अब बढ़कर 347 करोड़ रुपये हो गया है। प्रदेश के खिलाड़ियों और खेलों को आगे बढ़ाने के लिये कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी और न ही फंड की कमी आने देंगे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग आगाज हुआ। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ। शिवभक्ति केन्द्रित नृत्य प्रस्तुति हुई। समारोह में लेजर-शो के साथ आकर्षक आतिशबाजी की गई। इस दौरान सुप्रसिद्ध प्लेबेक सिंगर शान और नीति मोहन ने गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का मन मोह लिया। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रमर शिवामणि और ग्रुप द्वारा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की 100 लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति दी गई। इसके अतिरिक्त अभिलिप्सा पांडा द्वारा ‘हर हर शंभु’ और नटराज डांस ग्रुप की प्रस्तुति, प्रिंस डांस ग्रुप द्वारा जी-20 की “वसुधैव कुटुम्बकम” पर शानदार डांस प्रस्तुति दी। समारोह में प्रख्यात टीवी स्टार जय भानुशाली ने एंकरिंग की। (एजेंसी, हि.स.)