Friday, September 20"खबर जो असर करे"

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास नहीं रहे, पुलिसकर्मी ने नजदीक से मारी थी गोली

भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास नहीं रहे। अस्पताल में डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से राज्य में शोक व्याप्त है। गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

रविवार सुबह ब्रजराजनगर में एक पुलिसकर्मी ने उन्हें गोली मार दी थी। उनके सीने में गोली लगी थी। इसके बाद उन्हें पहले झारसुगुडा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर भुवनेश्वर लाया गया था। भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद ग्निन कॉरिडर बनाकर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम उनकी चिकित्सा में लगी थी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक एवं राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल अस्पताल आकर डॉक्टरों से बातचीत की थी।

श्री दास तीन बार विधायक रहे। वह झारसुगुडा विधानसभा सीट से विधायक थे। 2019 में वह बीजद के टिकट से विजयी हुए थे। इससे पहले वह कांग्रेस से विधायक थे। 2019 चुनाव से ठीक पूर्व वह कांग्रेस छोड़कर बीजद में शामिल हो गये थे। 2019 में वह राज्य सरकार में मंत्री बने थे। (एजेंसी, हि.स.)