Friday, September 4खबर जो असर करे |
Shadow

MP: भारी बारिश से मंदाकिनी और नर्मदा उफान पर… कई जगह बाढ़ के हालात, आज इन जिलों में अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में मानसून (Monsoon) ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश (Heavy rain) के बाद मंदाकिनी और नर्मदा नदी उफान (Mandakini and Narmada rivers) पर हैं, जबकि कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। छतरपुर, सतना, मंडला और मैहर में बारिश का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। इसी बीच बरगी और कुटनी बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। शुक्रवार को सक्रिय मौसम प्रणाली आगे बढ़ेगी, जिसके कारण 4 और 5 सितंबर को बारिश का जोर और बढ़ने का अनुमान है।


9 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
शिवपुरी, गुना, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, शाजापुर, देवास,आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी है।इसके अलावा इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, रतलाम, हरदा, मुरैना, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्णा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।


नदियां उफनीं, कई जगह बाढ़ का खतरा
चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर 138.52 मीटर तक पहुंच गया और खतरे के निशान के करीब है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए एसडीईआरएफ ने करीब 100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। छतरपुर में सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मैहर में पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण मुकुंदपुर मार्ग बंद रहा। मंडला में नर्मदा का जलस्तर 436.1 मीटर दर्ज किया गया। जबलपुर में बरगी बांध 93.33 प्रतिशत भर गया है। इसके बाद पांच गेट करीब एक मीटर तक खोले गए हैं। इससे नर्मदा के घाटों पर जलस्तर करीब चार फीट तक बढ़ने की संभावना है।


29.2 इंच बारिश, फिर भी सामान्य से कम
प्रदेश में अब तक 741.2 मिलीमीटर यानी 29.2 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य 31.8 इंच से करीब 2.6 इंच कम है। पूरे प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 8 प्रतिशत नीचे है। पूर्वी हिस्से में कमी सिर्फ 1 प्रतिशत रह गई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *