नई दिल्ली। रसोई गैस उपभोक्ताओं (LPG Consumers) के लिए दो बड़ी राहत की खबरें हैं। पहली खबर LPG ई-केवाईसी कराने की लास्ट डेट (LPG e-KYC Last Date) को लेकर है, जो बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। दूसरी खबर एलपीजी सिलेंडर (LPG cylinder) के रेट को लेकर है। आज सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अभी रक्षाबंधन से पहले राहत है। दरअसल, तीनों सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल ने हाल के हफ्तों में ग्राहकों से कहा था कि अगर उन्हें घरेलू एलपीजी के रेट पर गैस सिलेंडर चाहिए तो जल्द से जल्द ई-केवाईसी करा लें।
एक खबर के मुताबिक ऑयल इंडस्ट्रीज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि अब LPG e-KYC की नई डेडलाइन 31 अगस्त है और जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें इस बारे में मैसेज भी भेजा जाएगा।
आंकड़ों के मुताबिक, पूरे देश में करीब 32.97 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। सबसे अहम बात यह कि अधिकारी ने यह भी भरोसा दिलाया कि 31 अगस्त के बाद भी गैस सिलेंडर की सप्लाई जारी रहेगी। हालांकि, जो लोग ई-केवाईसी नहीं कराएंगे, उन्हें सिलेंडर किस रेट पर मिलेगा, यह पेट्रोलियम मंत्रालय के आने वाले निर्देशों पर निर्भर करेगा। फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है।
वहीं, तेलंगाना एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी ने बताया कि तेल कंपनियों के अधिकारियों ने उन्हें मौखिक तौर पर ही डेडलाइन बढ़ाकर 31 अगस्त करने की बात बताई थी।
समयसीमा खत्म होने के बाद भी e-KYC जारी रहेगा
LPG डीलरों ने स्पष्ट किया है कि समयसीमा खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि e-KYC की सुविधा बंद हो जाएगी। जिन उपभोक्ताओं का अभी e-KYC नहीं हुआ है, वे आगे भी इसे पूरा कर सकेंगे। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि e-KYC की सुविधा पूरी तरह कभी बंद नहीं होगी। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।
एलपीजी सिलेंडर प्राइस टूडे
एलपीजी सिलेंडर आज सबसे महंगा लेह में है। यहां घरेलू रसोई गैस की कीमत 1119 रुपये है। जबकि, कमर्शियल सिलेंडर 3376 रुपये। दिल्ली की बात करें तो 14.2 किलो वाला सिलेंडर 942 रुपये और 19 किलो वालो कमर्शियल सिलेंडर 2738 रुपये। रांची में घरेलू सिलेंडर 999.50 रुपये तो कमर्शियल 2922 रुपये।
दिल्ली के मुकाबले रांची में घरेलू सिलेंडर 57.50 रुपये और कमर्शियल 184 रुपये महंगा है। हालांकि, आज देश में एलपीजी के सिलेंडर 1 अगस्त वाले रेट पर ही मिल रहा है। इस महीने के पहले दिन 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर करीब 200 रुपये सस्ता हुआ था।
बता दें भारत के 40 से अधिक शहरों के रसोई गैस और कमर्शियल गैस के दामों में बहुत अंतर है। इसके लिए भौगोलिक दूरी, लोकल टैक्स और ट्रांसपोर्टेशन चार्ज का सीधा असर इस अंतर के लिए जिम्मेदार है। आज 25 अगस्त रेट के हिसाब से सबसे सस्ता सिलेंडर चाहे वह घरेलू हो या कमर्शियल मुंबई में है। यहां घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल 2,691.50 रुपये है।
