Saturday, July 18खबर जो असर करे |
Shadow

ब्रायन लारा ने सर गारफील्ड सोबर्स को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

लारा ने इंस्टाग्राम पर सर सोबर्स के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें वेस्टइंडीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बताया। लारा ने कहा कि सोबर्स की विरासत को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने संदेश में लारा ने लिखा, हमारे सबसे महान खिलाड़ी हमें छोड़कर चले गए। उनके परिवार के हर सदस्य के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, जिन्होंने हर मुश्किल समय में उनका साथ दिया और उन्हें वह ताकत दी, जिसकी उन्हें सबसे अधिक जरूरत थी। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस बेहद कठिन समय में उनके परिवार को शांति और संबल मिले। शांतिपूर्वक विश्राम करें, महान खिलाड़ी। आपकी विरासत को कभी भुलाया नहीं जाएगा।

क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में थे सोबर्स

सर गारफील्ड सोबर्स ने 1954 से 1974 के बीच वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए, जिसमें 26 शतक शामिल रहे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 235 विकेट अपने नाम किए।

बाएं हाथ के शानदार बल्लेबाज होने के साथ-साथ सोबर्स तेज गेंदबाजी, बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिन और चिनामैन स्पिन, तीनों में माहिर थे। इसके अलावा उनकी फील्डिंग भी असाधारण थी, जिसके कारण उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे संपूर्ण खिलाड़ियों में गिना जाता है।

कई ऐतिहासिक उपलब्धियां कीं अपने नाम

सोबर्स ने 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 365 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। यह उस समय टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर था और यह रिकॉर्ड 36 वर्षों तक कायम रहा।

इसके बाद 1968 में नॉटिंघमशायर की ओर से काउंटी क्रिकेट खेलते हुए उन्होंने ग्लैमॉर्गन के मैल्कम नैश के एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।

कई बड़े सम्मानों से हुए सम्मानित

क्रिकेट में उनके अतुलनीय योगदान के लिए वर्ष 1975 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने उन्हें ‘नाइटहुड’ की उपाधि से सम्मानित किया। वर्ष 2000 में उन्हें विजडन ने 20वीं सदी के पांच महानतम क्रिकेटरों में शामिल किया।

उनकी महान विरासत आज भी सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी के रूप में जीवित है, जिसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) हर वर्ष सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को प्रदान करती है।

सर गारफील्ड सोबर्स का शुक्रवार को निधन हो गया था। उनके निधन के साथ ही क्रिकेट इतिहास के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया। खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं और उनके योगदान को याद कर रही हैं। (हि.स.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *