यरुशलम। भारतीय सेना ने नेगेव मशीन गन के लिए इजरायली कंपनी की दिन के समय इस्तेमाल होने वाली टेलीस्कोपिक साइट (दूरबीन) को चुना है। इसकी मदद से दूर के लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाना आसान हो जाता है।
इजरायली कंपनी मेप्रोलाइट की मेप्रो एक्स6 एक फिक्स्ड 6एक्स मैग्निफिकेशन वाली टेलीस्कोपिक साइट है, जिसे असाल्ट राइफल, लाइट मशीन गन और दूसरे हथियार के लिए बनाया गया है, जिनमें सटीकता, मजबूती और बेहतरीन आप्टिकल परफार्मेंस की जरूरत होती है। इन साइट्स की डिलीवरी भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड (बीईएल) के जरिए की जाएगी।
मेक इन इंडिया पहल को बढ़ावा देने के लिए मेप्रोलाइट ने आरआरपी डिफेंस के साथ टेक्नोलाजी ट्रांसफर का समझौता किया है। कंपनी भारत में मेप्रो एक्स6 के पूरे प्रोडक्शन के लिए जरूरी जानकारी, प्रक्रिया और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताएं ट्रांसफर करेगी।”
बयान में कहा गया है, “आरआरपी डिफेंस इन साइट्स को स्थानीय स्तर पर बनाएगी और बीईएल को सप्लाई करेगी, जो इस प्रोग्राम के तहत भारतीय सेना के लिए मुख्य कांट्रैक्टर के तौर पर काम करेगी।”
यह लक्ष्य की स्पष्ट पहचान, देखने का बड़ा दायरा और मुश्किल माहौल व आपरेशनल स्थितियों में भरोसेमंद परफार्मेंस देती है। भारतीय सेना की मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर यूजर असेसमेंट और कड़े एनवायरनमेंटल टेस्ट शामिल थे। मेप्रोलाइट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट गोलन कलिमी ने कहा, “भारतीय सेना द्वारा इसे चुना जाना एक अहम पड़ाव है।”
