Saturday, May 23खबर जो असर करे |
Shadow

नेपाल में एक ही दिन में 247 पर्वतारोहियों का माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का विश्व रिकॉर्ड

माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करते पर्वतारोही

काठमांडू, 21 मई (हि.स.)। विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (सागरमाथा) पर आज 274 पर्वतारोहियों ने दक्षिणी मार्ग से सफल चढ़ाई कर नया रिकॉर्ड बनाया। यह एक ही दिन में नेपाली मार्ग से एवरेस्ट फतह करने वालों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।

दक्षिणी फेस से एक दिन में सबसे अधिक चढ़ाई का पिछला रिकॉर्ड 22 मई 2019 को बना था, जब 223 पर्वतारोही शिखर तक पहुंचे थे। हालांकि, उस दिन कुल वैश्विक संख्या अधिक थी क्योंकि तिब्बत की ओर से भी पर्वतारोही चढ़े थे लेकिन इस वर्ष चीन द्वारा कोई पर्वतारोहण अनुमति जारी न करने के कारण उत्तरी मार्ग पूरी तरह बंद रहा।

इस माह की शुरुआत में लंबे समय तक मार्ग बंद रहने से अत्यधिक भीड़ की स्थिति पैदा हुई। “आइसफॉल डॉक्टर” कहलाने वाले उच्च हिमालयी श्रमिकों ने मार्ग में बाधा बने विशाल हिमखंड (सेराक) को हटाने में कई सप्ताह लगाए। यह रास्ता 13 मई तक नहीं खुल सका, जिसके कारण बेस कैंप में पर्वतारोहियों की लंबी कतार लग गई। सप्ताह के अंत में तेज हवाओं का पूर्वानुमान होने के कारण मौसम साफ होते ही सैकड़ों पर्वतारोही एक साथ शिखर की ओर बढ़ पड़े।

नेपाल ने इस सीजन के लिए लगभग 500 पर्वतारोहण परमिट जारी किए हैं। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि अनुकूल मौसम और छोटा चढ़ाई समय, दोनों ने मिलकर भीड़भाड़ की स्थिति को और गंभीर बना दिया।

नेपाल एक्सपेडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन के महासचिव ऋषि भंडारी ने कहा, “अनुकूल मौसम और लंबे समय से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे पर्वतारोहियों की बड़ी संख्या के कारण यह रिकॉर्ड बना है।”

रिकॉर्ड बनाने वाले इस दिन के बाद दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सुरक्षा और व्यवस्थापन को लेकर फिर से गंभीर सवाल उठने लगे हैं। 8,848 मीटर ऊंचे शिखर तक पहुंचने वाले संकरे और खुले रास्तों पर भीड़ बढ़ने से पर्वतारोहियों को लंबे समय तक “डेथ जोन” में रहना पड़ता है, जहां बेहद कम ऑक्सीजन और अत्यधिक ऊंचाई के कारण मानव शरीर खुद को अनुकूलित नहीं कर पाता।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *