तेहरान। यूएस-इजरायल और ईरान (US-Israel and Iran) के बीच चल रही जंग में एक बार फिर से समझौते की कोशिश की जा रही है. शांति की उम्मीद में शुक्रवार को 110 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने वाले क्रूड ऑयल के दाम (Crude Oil Price) में गिरावट देखी जा रही है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Iranian Foreign Minister Abbas Araghchi) के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद पहुंचने के बाद ईरान और अमेरिका के बीच रुकी हुई बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीद की जा रही है. इससे बाजार को मजबूती मिली है. दोनों देशों के बीच शांति वार्ता का यह दूसरा दौर हो सकता है. हालांकि, ईरान ने शांति वार्ता में सीधा हिस्सा लेने से साफ मना किया है।
शुक्रवार के कारोबारी सत्र के दौरान क्रूड ऑयल का दाम चढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था. लेकिन शाम होते-होते ईरान के प्रतिनिधिमंडल के पाकिस्तान पहुंचने के बाद इसमें गिरावट देखी गई. WTI क्रूड का दाम गिरकर 94.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. ब्रेंट क्रूड के दाम में भी नरमी देखी जा रही है और यह 105 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. 28 फरवरी को इजरायल की तरफ से ईरान पर हमला किये जाने के बाद क्रूड के दाम में उठा-पटक बनी हुई है।
तेल की कीमत में उठा-पटक बनी रहेगी
होर्मुज बंद होने से तेल की ग्लोबल लेवल पर सप्लाई चेन टूट चुकी है. इससे आने वाले समय में भी तेल की कीमत में उठा-पटक बनी रहेगी. इससे पहले गुरुवार को भी तेल की कीमत 3% से ज्यादा बढ़ गई थीं. क्रूड ऑयल के दाम में पिछले पांच दिन से तेजी देखी जा रही थी. अगर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत नहीं बनी तो लड़ाई फिर से शुरू हो सकती है और तेल के दाम और ज्यादा बढ़ सकते हैं. कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि स्थिति और बिगड़ी तो दाम 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकते हैं।
भारत में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
सोशल मीडिया पर जारी किये जा रहे दावों को खारिज करते हुए पेट्रोलियम मिनिस्टर ने कहा है कि भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा करने का फिलहाल कोई प्लान नहीं है. मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी करते हुए कहा गया कि फिलहाल इसे लेकर कोई योजना नहीं है. उन्होंने उन रिपोर्ट्स को फेक करार दिया, जिसमें दावे किए जा रहे हैं कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद तेल कंपनियां पेट्रोल-डीजल के दाम में 25 से 28 रुपये की बढ़ोतरी कर सकती है.
आज दिल्ली में पेट्रोल-डीजल के रेट
– दिल्ली में पेट्रोल ₹94.77 और डीजल ₹87.71
– मुंबईमें पेट्रोल ₹103.54, डीजल ₹90.01
– कोलकाता में पेट्रोल ₹105.45, डीजल ₹91.81
– चेन्नई में पेट्रोल ₹100.84, डीजल ₹92.38
