Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्र में कड़ाके की सर्दी में होगा नव वर्ष का आगाज

भोपाल। उत्तर भारत (North India) के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी (heavy snowfall in hilly areas) का असर मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार शाम को हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण यहां ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार से प्रदेश में शीत लहर (cold wave) चलना शुरू हो जाएगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। इसके साथ ही प्रदेशवासियों के लिए रविवार को नये साल का आगाज कड़ाके की ठंड के साथ होगा।

भोपाल मौसम केन्द्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी जिलों का मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। शेष सभी संभागों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। इंदौर, भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक एवं शेष संभागों में सामान्य रहा। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 6.7 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार शाम प्रदेश में सर्द हवाएं चलना शुरू हो गई हैं। इसके असर से रात में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि शनिवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है। भोपाल मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि ट्रफ के रूप में आया पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में परिवर्तित हो गया है। शुक्ला के मुताबिक शुक्रवार से फिर उत्तरी हवा चलने लगी है। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। उधर, दो दिन में उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हुई है। शनिवार रात से मैदानी क्षेत्रों की तरफ चलने वाली बर्फीली हवाओं के असर से पूरे मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने लगेगी। रविवार से कई शहरों में शीतलहर भी चल सकती है। (एजेंसी, हि.स.)