Friday, March 13खबर जो असर करे |
Shadow

US: मिशिगन में यहूदी प्रार्थना स्थल में कार घुसाकर की गई गोलीबारी…. FBI जांच में जुटी

वाशिंगटन। अमेरिका (America) के मिशिगन (Michigan.) से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक यहूदी प्रार्थना स्थल (सिनागॉग) (Jewish Worship Place (Synagogue) में गाड़ी घुसाकर की गई घटना के बाद गोलीबारी हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जांच के लिए एफबीआई की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह घटना वेस्ट ब्लूमफील्ड टाउनशिप स्थित टेम्पल इज़राइल सिनागॉग में हुई। दोपहर करीब 1 बजे (स्थानीय समय) आपातकालीन कॉल मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सूचना मिली थी कि एक कार इमारत से टकरा गई है।


स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन को जानबूझकर सिनागॉग परिसर में घुसाया गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इसके तुरंत बाद गोली चलने की आवाजें सुनाई दीं, जिससे पुलिस ने इसे सक्रिय हमले की घटना मानते हुए इलाके को घेर लिया। न्यूज एजेंसी एजेंसी एपी के मुताबिक, गोलीबारी में शामिल संदिग्ध बंदूकधारी मारा गया है।


वहीं, घटना के बाद एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया पर बताया कि एफबीआई की टीम स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर घटना की जांच कर रही है। उन्होंने लिखा कि एजेंसी के अधिकारी वेस्ट ब्लूमफील्ड टाउनशिप में टेम्पल इजरायल सिनागॉग में वाहन से टक्कर और सक्रिय शूटर की घटना की जांच में सहयोग कर रहे हैं।


वहीं, घटना के बाद एहतियातन आसपास के स्कूलों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। ब्लूमफील्ड हिल्स स्कूलों को अस्थायी रूप से सुरक्षित मोड में रखा गया था। बता दें कि सिनागॉग परिसर में टेम्पल इज़राइल अर्ली चाइल्डहुड सेंटर भी स्थित है, जहां किंडरगार्टन, प्रीस्कूल और डेकेयर की सुविधाएं संचालित होती हैं।


मिशिगन की गवर्नर ग्रैचेन व्हिटमर (Governor Gretchen Whitmer) ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में यहूदी-विरोधी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और यहूदी समुदाय को शांति से अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है। टेम्पल इजरायल खुद को उत्तरी अमेरिका का सबसे बड़ा रिफॉर्म सिनागॉग बताता है। 1941 में स्थापित इस समुदाय में करीब 3500 परिवारों के लगभग 12000 सदस्य जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *