
कानपुर, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज तीन महीने के अंदर ही पति ने पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों को सूचित किया। मृतका के भाई कुलदीप सैनी के पहुंचने पर घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पनकी की काशीराम कॉलोनी निवासी कुलदीप सैनी ने बताया कि उसकी बहन दीपिका सैनी (26) की शादी वर्ष 2018 में बर्रा-8 निवासी खालिद से हुई थी। उनके दो बेटे अनिरुद्ध और रुद्र हैं। जनवरी 2025 में खालिद ने दीपिका को छोड़ दिया था। इसके बाद दीपिका दादा नगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करने लगी। वह वहीं ट्रक ड्राइवर शोएब उर्फ सौरभ दुबे से मिली और दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई। अक्टूबर 2025 में दीपिका ने शोएब से प्रेम विवाह कर लिया, हालांकि दीपिका के परिजनों ने इस शादी का विरोध किया था।
शादी के बाद, दीपिका और शोएब ने रतनपुर स्थित रामगंगा एंक्लेव के एक फ्लैट में रहने का निर्णय लिया। सोमवार को दीपिका का बड़ा बेटा अनिरुद्ध ननिहाल चला गया था, जबकि छोटा बेटा रूद्र घर पर मौजूद था। इसी बीच दीपिका और शोएब के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शाम को कुलदीप ने दीपिका को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ समय बाद पड़ोस में रहने वाली महिला ने सूचन दी कि काफी देर से दीपिका के कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा।
इसकी जानकारी मिलने पर कुलदीप मौके पर पहुंचा, जहां शोएब कमरे के बाहर खड़ा मिला। शोएब ने बताया कि छोटे बेटे ने अंदर से कमरा बंद कर लिया है। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर दीपिका का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, जिसके गले पर गहरे चोट के निशान थे। इसके बाद शोएब मौके से फरार हो गया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस उपायुक्त एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
