Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

सिरसा में नशा तस्कर की 64 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की गई

सिरसा, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। स्थानीय पुलिस ने एक नशा तस्कर की करीब 64 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी के आठ अभियोग दर्ज हैं और वह राजस्थान के एक जेल में बंद है। डीएसपी संदीप धनखड़ ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस सख्त है और अवैध तरीके से की गई काली कमाई को फ्रीज किया जा रहा है।

कालांवाली के डीएसपी धनखड़ ने बताया कि आरोपी चरणजीतगुरजीत सिंह को पुलिस ने 402 ग्राम हेरोइन सहित कालांवाली क्षेत्र से काबू किया था। उन्होंने बताया कि आरोपी चरणजीत के खिलाफ आठ अभियोग दर्ज हैं, जिसमें से सात कालांवाली तथा एक राजस्थान के चुरू में दर्ज है। छह मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान थाना कालांवाली व प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के तहत आरोपी की आय और संपत्तियों की गहन वित्तीय जांच की गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी की संपत्तियां उसकी वैध आय से कई गुना अधिक और पूरी तरह अवैध हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में संलिप्त रहा है और बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति जुटाई है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत अवैध संपत्ति को फ्रीज करने के लिए रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग में पेश की। सक्षम प्राधिकारी (नई दिल्ली) द्वारा बीती दो फरवरी को फ्रीजिंग ऑर्डर जारी किया गया। उन्होंने बताया कि अटैच की गई संपत्तियों में गाँव जगमालवाली स्थित एक मकान व भूमि (आठ कनाल), कार, स्कूटी, आभूषण (अनुमानित कीमत दस लाख रुपये) शामिल हैं। अटैच की गई कुल संपत्तियों की कीमत करीब 64 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी (नई दिल्ली) की अनुमति के बिना न तो बेचा जा सकता है और न ही किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित किया जा सकता है।

डीएसपी ने बताया कि पूर्व में चार अन्य नशा तस्करों की लाखों रुपये की संपत्ति अटैच की गई हैं, जिनमें बीते दिसंबर माह में आरोपी पमलिंद्र सिंह (अनुमानित संपत्ति करीब साढ़े 52 लाख रुपये), इकबाल सिंह (करीब सात लाख रुपये), जसविंद्र सिंह (करीब सात लाख रुपये) व हरगोविंद (करीब पांच लाख रुपये) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कई अन्य नशा तस्कर पुलिस की रडार पर हैं और उनके खिलाफ भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *