Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

सोनभद्र, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की पुलिस ने मंगलवार को एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों से धन उगाही करता था। इस गिरोह के चार आरोपियों को कानपुर नगर से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि अभियुक्तों ने लोगों को लालच देकर उनके नाम पर 100 से अधिक सिम कार्डों का इस्तेमाल कर देशभर में साइबर ठगी की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि म्योरपुर थाना क्षेत्र की निवासी सुषमा गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि अज्ञात लोगों ने उन्हें फोन कर खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर धन की मांग की और न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में मामला दर्ज कर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम को कानपुर नगर भेजा गया, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में सुरेंद्र कुमार, गोलू राजपूत, जुनैद और अनुराग सिंह शामिल हैं। उनके कब्जे से 07 मोबाइल फोन, विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और विभिन्न बैंकों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

एसपी ने जानकारी दी कि पूछताछ से पता चला है कि ये आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड लेकर साइबर अपराध कर रहे थे। ये लोग अश्लील वीडियो देखने का लालच देकर लोगों को फंसाते थे और एआई तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर धमकी देकर धन उगाही करते थे। इसके अतिरिक्त, ब्लॉक किए गए नंबरों को गुमशुदगी दर्शाकर फिर से सक्रिय कर इन अपराधों में इस्तेमाल किया जाता था। अभियुक्तों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का इस्तेमाल कर देशभर में साइबर ठगी की है। सोनभद्र जिले के भी कई पीड़ितों की जानकारी सामने आई है। साइबर थाना पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *