Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

कोरबा में ‘अटल स्मृति भवन’ का भूमि पूजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ

कोरबा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा, जब जिले के नवीन जिला कार्यालय “अटल स्मृति भवन” का भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और लखनलाल देवांगन, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि ऊर्जानगरी कोरबा में बनने जा रहा “अटल स्मृति भवन” भाजपा संगठन की शक्ति, विस्तार और हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के सहयोग से बनने वाला यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने नए भवन के संकल्प को साकार करने के लिए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, उनकी टीम और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और विश्वास जताया कि यह कार्यालय आने वाले वर्षों में संगठन को और सशक्त बनाएगा।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि अटल स्मृति भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय भविष्य में जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों का सशक्त केंद्र बनेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र के साथ कोरबा जिले में एक भव्य, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त जिला कार्यालय के निर्माण की ऐतिहासिक पहल की गई है। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय का नामकरण “अटल स्मृति भवन” राष्ट्रनायक भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को समर्पित है। यह भवन लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर निर्मित किया जाएगा और इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श और जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व में भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लखीराम अग्रवाल के करकमलों से हुआ था तथा उसका लोकार्पण 24 मार्च 1993 को कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया था। नया प्रस्तावित कार्यालय भाजपा की विचारधारा, संस्कार और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला वैचारिक केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में जिलेभर से आए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। भव्य समारोह ने भाजपा जिला कोरबा के संगठनात्मक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *