Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

शिक्षा: समाज के विकास की मजबूत नींव – राजस्व मंत्री वर्मा

भोपाल, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण एवं सतत विकास की सबसे सुदृढ़ आधारशिला है। प्रदेश सरकार का निरंतर प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों को भी शहरों के समान गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
मंत्री वर्मा शनिवार को सीहोर जिले के ग्राम उलझावन में 01 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय हाई स्कूल के नवीन भवन के लोकार्पण अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस नवीन विद्यालय भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने तथा क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सशक्त भूमिका निभा सकेंगे।
मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिए नए विद्यालय भवनों का निर्माण, कक्षाओं का आधुनिकीकरण, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं और खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के भीतर निहित प्रतिभा को निखारना और उन्हें संस्कारवान, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है।
राजस्व मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि अर्जित ज्ञान को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन का संस्कार विकसित करने का आग्रह किया। मंत्री वर्मा ने कहा कि अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना और अध्ययन के लिए प्रेरित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *