Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

जिले में शांति व कानून व्यवस्था के लिए प्रशासन की मजबूत पहलें

रायगढ़, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्ट्रेट में शनिवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने संयुक्त रूप से जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं शांति व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की गहराई से समीक्षा की।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, सूचना तंत्र को सशक्त बनाने, और संभावित घटनाओं की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचाने का निर्देश दिया।

कलेक्टर ने अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई करने और सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने की बात करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें। सड़क सुरक्षा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएँ में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। जिले में 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की जीपीएस सिस्टम के माध्यम से निगरानी की जा रही है, जिससे आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुविधा सुनिश्चित हो सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समय पर प्राप्त सटीक सूचना से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहते हुए काम करने तथा किसी भी अप्रत्याशित घटना की संभावना पर तात्कालिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने, नशीली दवाओं के अवैध विक्रय पर निगरानी बढ़ाने और बिना प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के विक्रय पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही, स्कूल एवं महाविद्यालयों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एजुकेशन, इंजीनियरिंग एवं एनफोर्समेंट के तीनों पहलुओं पर समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में शांति समितियों के सुदृढ़ीकरण, कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकरणों के त्वरित निराकरण, आवारा मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी, और हिट-एंड-रन प्रकरणों सहित कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर राकेश गोलछा, पूजा बंसल सहित सभी अनुविभागों के एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *