Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

सुनेत्रा पवार को चुना गया राकांपा एपी विधायक दल का नेता

मुंबई, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। महाराष्ट्र के विधानभवन परिसर में शनिवार को राकांपा एपी विधायक दल की बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा अजीत पवार को आम सहमति से पार्टी के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके बाद, सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया।

राकांपा एपी विधायक दल की यह बैठक शनिवार को विधान भवन परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश राकांपा एपी के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर शोक प्रस्ताव पेश किया। फिर उपस्थित विधायकों और नेताओं ने अजीत पवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा अजीत पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे छगन भुजबल ने अनुमोदित किया। इस प्रस्ताव को आम सहमति से मंज़ूरी दी गई।

प्रदेश राकांपा एपी अध्यक्ष सुनील तटकरे सुनेत्रा पवार को आम सहमति से विधायक दल का नेता चुने जाने की जानकारी मुख्यमंत्री को देंगे, और इसके पश्चात सुनेत्रा पवार राज भवन में मंत्री पद की शपथ लेंगी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद, सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन को भेज दिया।

गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार ने 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्होंने इसमें हार का सामना किया। इसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया था। लेकिन अब वे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी, इसलिए उन्होंने अपनी राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *